मेयर मदन चौहान, समाज कल्याण बोर्ड की चेयरपर्सन मलिक रोजी आनंद वोट डालकर आते हुए।
- फोटो : Yamuna Nagar
विधानसभा चुनाव के लिए जिले की चार सीटों पर सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच 73 फीसदी वोटरों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण रहा। साल 2014 में जहां 81.96 फीसदी मतदान हुआ था, जो इस बार करीब नौ फीसदी कम मतदान हुआ। मतदाताओं ने साढौरा के 16, जगाधरी, यमुनानगर और रादौर से विधानसभा चुनाव लड़ रहे 10-10 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में बंद किया। मतदान का फाइनल अपडेट आने पर मतदान प्रतिशत और बढ़ने की उम्मीद है। मतदान प्रतिशत नहीं बढ़ने को लेकर भले ही कई कयास लगाए जा रहे हों, लेकिन भाजपा, कांग्रेस, बसपा, जेजेपी व इनेलो प्रत्याशी अपनी जीत के दावे कर रहे हैं। अब 24 अक्टूबर को मतगणना होगी।
घट गया वोट प्रतिशत
विधानसभा 2019 2014 2009
साढौरा 75 84.86 80
जगाधरी 77 84.74 81
यमुनानगर 68 76.41 73
रादौर 72 82.07 78
कुल 73 81.96 78
साल 2014
विधानसभा कुल वोट पोलिंग मेल फीमेल प्रतिशत
साढौरा 193752 164412 89149 75263 84.86
जगाधरी 195106 165329 90039 75290 84.74
यमुनानगर 202329 154601 84301 70300 76.41
रादौर 179339 147183 79368 67815 82.07
कुल 770526 631525 342857 288668 81.96
ये तीन गांव टॉपर
-जाटोवाला और इब्राहिमपुर में 97 फीसदी।
-डारपुर गांव में 96 फीसदी।
-दड़वा में 94 फीसदी।
शाम चार बजे तक सुस्त रही वोटिंग
-सुबह से ही मतदान की रफ्तार सुस्त रही। लोगों में वह उत्साह नजर नहीं आया, जो पिछले चुनावों में नजर आता रहा है। शाम चार बजे तक 58 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। इसके बाद मतदान ने थोड़ी रफ्तार पकड़ी और शाम 6 बजे तक मतदान का आंकड़ा 73 फीसदी तक पहुंचा। वोटरों के घर से न निकलने के पीछे एक्सपर्ट सरकार से निराशा को प्रमुख वजह बता रहे हैं।
जिले में शांतिपूर्वक तरीके से मतदान सम्पन्न हो गया है। कुछ जगह पर ईवीएम मशीनों में दिक्कत आई थी। जिन्हें समय रहते ठीक कर लिया गया। कहीं से कोई शिकायत नहीं मिली है। मतदाताओं में जोश दिखाई दिया और अंतिम समय तक लोग लाइनों में लगे रहे। जिले में 73 फीसदी मतदान की रिपोर्ट मिली है। सर्विस और पोस्टल वोट से इसमें बढ़ौतरी होगी। -मुकुल कुमार, जिला निर्वाचन अधिकारी