संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। इटली से लौटे ससाैली के रणजीत गार्डन निवासी युवक को अगवा करने बात कहकर परिजनों से व्हाट्स एप कॉल पर 70 लाख रुपये मांगे गए। इस शिकायत पर थाना फर्कपुर पुलिस ने अज्ञात पर मामला दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी का कहना है कि जिस युवक के अपहरण की बात कही गई है, उसे राजस्थान पुलिस ने किसी मामले में पकड़ा है। सीआईए-1 की टीम युवक का पता करने राजस्थान गई है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव सुढैल निवासी सुखदेव सिंह ने बताया कि ससौली के रणजीत गार्डन निवासी उनका भांजा अमन 20 वर्ष से इटली में रह रहा है। दीपावली पर अमन घर आया था। भांजा 30 अक्तूबर को अपने दोस्त रेलवे कॉलोनी निवासी राकेश उर्फ रिक्की के साथ कार से कुरुक्षेत्र के धनौरा जट्टान में रिश्तेदार मोहित कुमार के पास गया था। वहां से उसने दो लाख रुपये लिए और काम के लिए दिल्ली चला गया। इसके बाद शाम को सात बजे व्हाट्सएप पर कॉल आई। दूसरी ओर से बोल रहे शख्स ने बताया कि अमन का अपहरण कर लिया गया है और उसे छुड़वाना है तो 70 लाख रुपये दो। अगले दिन दोपहर में फिर व्हाट्सएप पर कॉल आई, जिसमें शख्स ने 70 लाख रुपये पानीपत या सोनीपत भिजवाने के लिए कहा गया। इस दौरान अमन से भी बात कराई। कॉल करने वाले को बताया कि उनके पास इतने रुपये नहीं है। बाद में शिकायत पुलिस को दी।
शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया था। इसमें जांच करने पर पता चला कि जिस युवक के अपहरण की बात कही गई है, उसे राजस्थान पुलिस ने एक मामले में पकड़ा है। मामले की जांच कर रही सीआईए-1 की टीम युवक का पता करने के लिए राजस्थान गई है। - जनकराज, प्रभारी, थाना फर्कपुर।