यमुनानगर। जिले में एक और महिला कोरोना पॉजिटिव आई है। जगाधरी की रहने वाली 62 साल की महिला की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उन्हें होम आइसोलेट किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार महिला की हालत स्थिर है। विभाग ने महिला के पति व तीन बच्चों के भी सैंपल की जांच लैब में करवाई। राहत की बात यह है कि चारों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
स्वास्थ्य विभाग के जिला निगरानी अधिकारी डॉ. वागीश गुटेन ने बताया कि जांच करने पर पता चला है कि कोरोना संक्रमित महिला पांच-छह जून को हरिद्वार गई थी। वापस लौटने पर उसे सर्दी लगने, बुखार व अन्य लक्षण दिखे थे। उसका सैंपल लिया गया। जिसकी रिपोर्ट जांच में पॉजिटिव आई है। उसके परिवार के सभी सदस्यों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। करीब 20 दिनों में जिले में कोरोना पॉजिटिव का यह दूसरा केस है। इससे पहले मॉडल कॉलोनी में रहने वाली महिला कोरोना पॉजिटिव मिली थी। महिला राधा स्वामी सत्संग ब्यास में हिस्सा लेने के लिए गई थी। वहीं पर उसकी तबीयत बिगड़ी। जिसे उपचार के लिए मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
जिले में अभी तक कोरोना की जांच के लिए 28 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं। सैंपल लेने के लिए मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल और जगाधरी के उप जिला अस्पताल में व्यवस्था की गई है। जिन लोगों में इन्फ्लूएंजा के लक्षण होंगे उनके टेस्ट किए जा रहे हैं। इसमें नाक, गले और फेफड़ों का संक्रमण होता है। खांसी, जुकाम व सांस लेने में यदि दिक्कत है तो वह अपना कोरोना का टेस्ट करवा सकते हैं। जिला नागरिक अस्पताल में कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए वार्ड आरक्षित किया गया है। इसमें फिलहाल छह बेड की व्यवस्था की गई है। वार्ड में बेड के अलावा जरूरी दवाइयां, मास्क व अन्य मेडिकल उपकरण रखे गए हैं।