जगाधरी। जिले में धान की आवक जोरों पर है। वहीं खेतों में दिन रात श्रमिक कटाई में जुटे हुए हैं। जिले की तमाम मंडियों में कुल लक्ष्य की लगभग 60 प्रतिशत धान पहुंच चुका है। इस बार जिले में धान का कुल रकबा 88 हजार हेक्टेयर है। बीमारी व बारिश से इस बार फसल प्रभावित हुई है। जिस कारण विभाग ने अपना लक्ष्य पिछले साल की अपेक्षा कम रखा है। पिछले साल 5.94 लाख मीट्रिक टन रखा गया था। जबकि विभाग की ओर से पांच लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य रखा गया है।
धान में अज्ञात बीमारी व मौसम की मार के बावजूद 15 दिन में ही निर्धारित लक्ष्य की 50 प्रतिशत धान खरीदा जा चुका है। वहीं अब यह लक्ष्य 60 प्रतिशत हो गया है। जिले की सभी 13 मंडियों में अब तक कुल 3,89,911 मीट्रिक टन धान की खरीद हो चुकी है। वहीं अधिकारियों का कहना है कि मंडियों में लिफ्टिंग भी बराबर चल रही है। जिले की मंडियों में 89 प्रतिशत लिफ्टिंग हो चुकी है। जबकि एजेंसियों व ठेकेदारों को खरीद के साथ बराबर उठान के आदेश दिए गए हैं। अब तक जिले में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने कुल 2,16,948 मीट्रिक टन, हैफेड ने 93,707 मीट्रिक टन, हरियाणा भंडारण निगम ने 79,256 मीट्रिक टन धान खरीदा है। वहीं डीसी राहुल हुड्डा ने सभी उपमंडल अधिकारियों व मंडी सचिवों को निरंतर अपने क्षेत्र का निरीक्षण करने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि अधिकारी मंडी जाकर खरीद, तोल, रख रखाव सहित मूल सुविधाओं का जायजा लें। मंडियों में सफाई, पीने का पानी, बिजली, शौचालयों की सफाई व्यवस्था दुरुस्त रहे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। इसमें किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए। यदि ऐसा होता है तो संबंधी अधिकारियों व कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी। डीसी ने अपील की है कि मंडी में यदि कमी मिलती है तो इसकी शिकायत विभाग अधिकारियों को अवश्य करें।
इन मंडियों में हुई इतनी खरीद
जिले में सबसे ज्यादा धान सरस्वतीनगर अनाजमंडी में खरीदी गई है। यहां पर कुल 84689 मीट्रिक टन धान की खरीद हो चुकी है। जबकि दूसरे स्थान पर प्रतापनगर मंडी में सबसे ज्यादा खरीद हुई है। यहां पर कुल 67938 मीट्रिक टन धान खरीदा गया है। इसके अलावा शहर की जगाधरी अनाजमंडी में अब तक कुल 56592 मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है। जबकि बिलासपुर में 37088 मीट्रिक टन, छछरौली में 38712 मीट्रिक टन, गुमथला राव में 6521 मीट्रिक टन, जठलाना अनाजमंडी में 5517 मीट्रिक टन, खारवन में 4565 मीट्रिक टन, रादौर मंडी में 44383 मीट्रिक टन, रणजीतपुर में 19017 मीट्रिक टन, रसूलपुर में 5259 मीट्रिक टन, साढौरा में 19436 मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है। वहीं जिले में सबसे कम खरीद यमुनानगर मंडी में हुई है। यहां पर कुल 194 मीट्रिक टन धान खरीदा गया है।