यमुनानगर। एंटी करप्शन ब्यूरो पंचकूला की टीम ने असिस्टेंट लाइनमैन (एएलएम) अकबरपुर निवासी ऋषिपाल को दस हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। उस पर गोलनपुर निवासी सचिन कुमार से बिजली कनेक्शन के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है। पंचकूला एंटी करप्शन ब्यूरो ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गोलनपुर निवासी सचिन ने एंटी करप्शन ब्यूरो को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी मां मीना देवी के नाम से बिजली कनेक्शन लेना चाहता था। उसने इस बारे में जोडियो सब डिवीजन के तहत गांव हरनौल में कार्यरत असिस्टेंट लाइनमैन ऋषिपाल से बात की तो उसने उससे कनेक्शन लगवाने के नाम पर दस हजार रुपये मांगे। कनेक्शन लेने के लिए उन्होंने दस हजार रुपये देने का निर्णय कर पंचकूला के करप्शन ब्यूरो में शिकायत दी। इसके बाद टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया और योजना के तहत सचिन ने उसे पैसा देने के लिए गांव हरनौल में एक जूस की दुकान में बुलाया। दुकान में रुपये देते समय ब्यूरो की टीम मौके पर पहुंच गई और आरोपी को दस हजार रुपये लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद ब्यूरो ने आरोपी के खिलाफ करप्शन एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।