संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नौकरी लगवाने के नाम पर व्यक्ति से छह लाख रुपये हड़प लिए गए। पीड़ित व्यक्ति ने थाना फर्कपुर में शिकायत दी। पुलिस ने व्यक्ति के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस को दी शिकायत में जगाधरी वर्कशॉप के जवाहर नगर के विनोद यादव ने बताया कि वह नौकरी की तलाश में था। इसी दौरान उसकी मुलाकात विकास नगर के संजीव से हुई। संजीव ने कहा कि उसकी अच्छी जान-पहचान है और वह उसे अच्छी जगह नौकरी लगवा देगा। इसकी एवज में संजीव ने अलग-अलग समय पर पैसों की मांग की।
इस तरह दो सितंबर 2024 से पांच मार्च 2025 तक करीब छह लाख रुपये ले लिए। इसके बाद भी उसकी नौकरी नहीं लगवाई। जब नौकरी लगवाने की एवज में मांगी गई धनराशि वापस करने के लिए कहा तो संजीव टालमटोल करने लगा। इस पर परेशान होकर थाना फर्कपुर में शिकायत दी। जांच अधिकारी एसआई जनक राज ने बताया कि शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले में जांच की जा रही है।