संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। हरियाणा लोक सेवा आयोग की एचसीएस की लिखित परीक्षा रविवार को शांतिपूर्ण तरीके से हो गई। परीक्षा में अभ्यर्थियों की उपस्थिति 45 प्रतिशत ही रही। सुबह बारिश के कारण केंद्र पहुंचने में अभ्यर्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। परीक्षा सुबह व शाम दो सत्र में करवाई गई। परीक्षा के लिए कुल 12485 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। परीक्षा में कुल 5369 अभ्यर्थी पहुंचे।
परीक्षा को लेकर प्रशासन की ओर से व्यापक प्रबंध किए थे। परीक्षा केंद्रों के दो सौ मीटर की परिधि में धारा 144 लगाई गई थी। सभी केंद्रों पर मोबाइल नेटवर्क जैमर लगाए गए थे। वहीं डीसी पार्थ गुप्ता और एसपी कमलदीप गोयल ने टीम के साथ विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया। डीसी पार्थ गुप्ता ने बताया कि हर परीक्षा केंद्र में ड्यूटी मजिस्ट्रेट सहायक फ्लाइंग स्कवॉयड अधिकारी और अधीक्षक को निर्देश दिए कि सायंकालीन सत्र में प्रवेश करने वाले परीक्षार्थियों की दोबारा तालाशी ली जाए।
परीक्षा के लिए जिले में कुल 43 केंद्र बनाए गए थे। कुल 12485 अभ्यर्थियों की परीक्षा होनी थी। परीक्षा में कुल 5369 अभ्यर्थी ही पहुंचे। इस दौरान डीसी व एसपी ने सरोजनी कॉलोनी के मुंकुद लाल पब्लिक स्कूल, संत निश्चल सिंह पब्लिक स्कूल, डीएवी पब्लिक स्कूल, आनंद पब्लिक स्कूल, हिंदू गर्ल्स कॉलेज, महाराजा अग्रसेन कॉलेज, सरस्वती विद्या मदिर, दयाल सिंह पब्लिक स्कूल, सैक्रेट हार्ट स्कूल, डीएवी गर्ल्स कॉलेज केंद्रों का निरीक्षण किया।
परीक्षा में अनुपस्थिति अधिक होने का सबसे बड़ा कारण बारिश बनी। हालांकि रविवार को जिले में ज्यादा बारिश नहीं हुई। प्रदेश के अन्य जिलों में भारी बारिश हुई।बारिश के कारण यातायात में भी लोगों को दिक्कतें हुई, जिससे अभ्यार्थयों की उपस्थिति कम रही।
जैमर की वजह से मोबाइल ने नहीं किया काम
परीक्षा केंद्रों में नकल रोकने के लिए जैमर लगाए गए थे। इससे शहर में दिन के वक्त मोबाइल नेटवर्क प्रभावित रहा। दिनभर लोग मोबाइल नेटवर्क के जूझते रहे। कई बार डायल करने के बाद कॉल लग रही थी। वहीं कॉल ड्रॉप की भी काफी समस्या देखने को मिली। शाम को साढ़े पांच बजे के बाद ही मोबाइल नेटवर्क सही हुआ।