संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। धनतेरस के लिए जिले के बाजार बिल्कुल तैयार हैं। इस दौरान शहर सहित कस्बों के बाजार भी देर शाम तक गुलजार रहे। बाजार में खूब रौनक होने से व्यापारी गदगद हैं। दिवाली महीने की शुरुआत में होने से कारोबारियों को 500 करोड़ रुपये से ज्यादा उम्मीद है।
कारोबारियों का कहना है कि त्योहार को लेकर बाजारों में लोगों की काफी भीड़ है और लोगों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। बर्तन, कार, बाइक, स्कूटर, इलेक्ट्रानिक, जेवर, मोबाइल, लैपटॉप सहित अन्य सामान की दुकानों पर भीड़ दिख रही है। त्योहार के कारण दुकानों के साथ फुटपाथ व सड़क किनारे फड़ी व स्टाल लगाकर भी लोग सामान बेच रहे हैं।
इस दौरान यमुनानगर रेलवे स्टेशन रोड, वर्कशाप रोड, भगत सिंह चौक से महिला थाना, मॉडल टाउन, जगाधरी रेलवे रोड बाजार, सनातन धर्म चौक, पत्थरों वाला बाजार, देवी भवन बाजार, खेड़ा बाजार ग्राहकों के लिए सजे हुए हैं। बर्तन नगरी के नाम से मशहूर जगाधरी के तमाम बाजारों में धनतेरस पर ग्राहकों की रौनक हो रही है।
रेलवे रोड बाजार स्थित एमआर मेटल संचालक दिनेश गर्ग व गौरव गर्ग ने कि धनतेरस व दिवाली पर लोग सबसे ज्यादा बर्तनों की खरीदारी करते हैं। इस बार स्टील के साथ लोगों ने पीपल, तांबे, कांसे व फूल धातु के बर्तनों के प्रति ग्राहकों में रूझान देखने को मिल रहा है। लोग पहले से ही धनतेरस के लिए अपना ऑर्डर बुक करवा रह हैं। त्योहार के लिए बाजार में नए डिजाइन के बर्तन उपलब्ध हैं।
कांसे के 51 बर्तनों का सेट 40 से 50 हजार रुपये मिल रहा है। गिफ्ट देने के लिए भी लोगों कांसे, पीतल के बर्तनों की बुकिंग करवा रहे हैं। शहर की सर्राफा दुकानों व शोरूम पर भी धनतेरस को लेकर खूब चमक रहे हैं। सोने का भाव 1.30 लाख होने के बावजदू लोगों में इसे लेकर रूझान दिख रहा है। आभूषण के अलावा सोने-चांदी के सिक्के, लक्ष्मी-गणेश, चरण पादुका, सिहासन सहित अन्य पूजन सामग्री की खूब मांग है।
दिनभर सड़कों पर रहा जाम
रेलवे स्टेशन चौक, पुराना रादौर रोड, खेड़ा बाजार, शहीद भगत सिंह चौक, जगाधरी वर्कशाप रोड, मॉडल टाउन, छोटी लाइन, जगाधरी का खेड़ा बाजार, चौक बाजार, सिविल लाइन सहित तमाम बाजारों में इन दिनों खूब भीड़ हो रही है। भीड़ होने के बावजूद लोग बाजारों में कारों पर खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। अतिक्रमण के कारण पहले ही सड़कें तंग थीं, ऊपर से भीड़ होने से लोगों को दिक्कत भी हो रही है। ऐसे में यातायात पुलिस की ओर से सभी मुख्य बाजारों व चौक पर सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।
शोरूम में कार पसंद करते लोग। संवाद