संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। ट्विन सिटी की तंग गलियों में लंबे समय से बनी कचरा उठान की समस्या के समाधान के लिए नगर निगम ने अहम कदम उठाया है। कचरा संग्रहण व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से निगम ने 41 नई ट्राई साइकिल (रेहड़ियां) मंगवाई हैं। इससे उन इलाकों में भी नियमित सफाई सुनिश्चित हो सकेगी, जहां बड़े वाहन अब तक नहीं पहुंच पाते थे।
नगर निगम के अनुसार शहर की कई कॉलोनियों और वार्डों में गलियां इतनी संकरी हैं कि वहां टिप्पर और ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे बड़े वाहन नहीं जा पाते। ऐसे में कचरा उठान की व्यवस्था प्रभावित होती थी और लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती थी। अब इन नई ट्राई साइकिलों के माध्यम से सफाई कर्मचारी सीधे घर-घर पहुंचकर कचरा एकत्रित करेंगे।
पहले भी प्रत्येक वार्ड में ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई गई थीं, लेकिन उनकी संख्या पर्याप्त नहीं होने के कारण व्यवस्था पूरी तरह प्रभावी नहीं हो पाई थी। अब 41 नई रेहड़ियों के शामिल होने से सभी वार्डों में यह कमी काफी हद तक पूरी हो गई है। इससे डोर-टू-डोर कचरा उठान को और मजबूती मिलेगी। इन ट्राई साइकिलों की खासियत यह है कि इनमें गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्रित करने की सुविधा दी गई है।
सफाई कर्मचारी गीले कचरे को एक हिस्से में और सूखे कचरे को दूसरे हिस्से में जमा करेंगे। इसके बाद कचरे को एमआरएफ (मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर भेजा जाएगा, जहां गीले कचरे से खाद बनाई जाएगी और सूखे कचरे की छंटाई कर उसका निस्तारण किया जाएगा।
नगर निगम के आंकड़ों के अनुसार शहर से प्रतिदिन करीब 250 से 280 मीट्रिक टन कचरा निकलता है। घरों से कचरा उठाने का कार्य एजेंसी के माध्यम से कराया जा रहा है और सुबह होते ही निगम की गाड़ियां कॉलोनियों में पहुंच जाती हैं। हालांकि संकरी गलियों में वाहन नहीं पहुंचने से कई स्थानों पर सफाई व्यवस्था प्रभावित होती थी, जिसे अब दूर करने का प्रयास किया गया है।
सफाई कर्मचारियों को ट्राई साइकिल मिलने से गलियों, सड़कों, नाले-नालियों की सफाई के साथ कचरा उठान व्यवस्था और सुदृढ़ होगी। आवश्यकता पड़ने पर भविष्य में और रेहड़ियां भी मंगवाई जाएंगी, ताकि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके। - महाबीर प्रसाद, आयुक्त, नगर निगम।