संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। पानीपत के स्कूल में बच्चे की निर्ममता से पिटाई के बाद अमान्य स्कूलों पर कार्रवाई का जिन्न एक बार फिर विभागीय चिराग से बाहर आ गया है। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, खंड मौलिक शिक्षा अधिकारियों से उनके क्षेत्र के अमान्य स्कूलों की जानकारी मांगी गई है। परंतु नए सत्र पहले बोर्ड ने जिले के 40 अमान्य स्कूलों की सूची जारी की थी, उन पर आठ महीने से जिले का शिक्षा विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर पाया है।
जिला शिक्षा विभाग की इन अमान्य स्कूलों पर शिक्षा विभाग की विशेष मेहरबानी दिखाई पड़ रही है। यही इतना नहीं जिला विभाग की टीम ने अभी तक इन स्कूलों का निरीक्षण तक नहीं किया है। पानीपत में बच्चे की पिटाई के बाद विभाग ने इसके प्रति एक बार फिर चिंता व्यक्त की है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने इन संस्थानों की स्कूल लिविंग सर्टिफिकेट (एसएलसी) पहले ही अमान्य घोषित कर चुका है।
बोर्ड ने इन स्कूलों की एसएलसी को इस साल मान्यता देने से मना कर दिया है। वहीं, इन स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थी अगले साल अन्य किसी स्कूल में दाखिला लेते हैं, तो उन्हें प्रवेश नहीं मिल पाएगा। बता दें कि इस साल की शुरुआत में ही हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने गैर मान्य स्कूलों की सूची जारी की थी।
वहीं शिक्षा निदेशालय ने इन स्कूलों में दाखिला न करने व कार्रवाई करने के आदेश दिए थे। परंतु आठ महीने से जिला विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद अब पहले से तैयार सूची का विभाग फिर से डाटा जुटा रहा है। बोर्ड की सूची के अनुसार जिले में 40 गैर मान्य वाले स्कूल हैं।
शिक्षा निदेशालय व बोर्ड की सख्ती के बाद भी विभाग के अधिकारियों ने इस पर संज्ञान नहीं लिया। स्कूल संचालक अभिभावकों को अभी भी अंधेरे में रखे हैं। संचालक स्थायी मान्यता होने की बात कह रहे हैं, परंतु उनके पास विभाग व बोर्ड की अनुमति नहीं है। ऐसे में बच्चों के भविष्य को लेकर अभिभावकों में असमंजस की स्थिति है। मुख्यालय की ओर से दो बार अमान्य स्कूलों की सूची जारी की जा चुकी है।
जहां बैठे अधिकारी वहीं सबसे ज्यादा अमान्य स्कूल
बोर्ड ने बिना अनुमति चल रहे जिले के कुल 40 विद्यालयों की सूची जारी की है। इनमें से सबसे ज्यादा स्कूल अधिकारियों की नाक के नीचे चल रहे हैं, जिन पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। सबसे ज्यादा स्कूल शहर में चल रहे हैं। शहर में कुल 24 अमान्य स्कूल हैं और 16 जिले के अन्य खंडों में चल रहे हैं। बोर्ड ने शिक्षा खंड के अनुसार अमान्य स्कूलों की सूची जारी की है। सूची के अनुसार छछरौली खंड में दो स्कूल, रादौर व सरस्वतीनगर में दो-दो , साढ़ौरा में चार, बिलासपुर में छह, शहर में सबसे ज्यादा 24 स्कूल बिना मान्यता के हैं। यमुनानगर शहर की हमीदा कॉलोनी में ही नौ व जगाधरी शहर में छह ऐसे स्कूल चल रहे हैं।
जिले के सभी निजी स्कूलों के जांच की जा रही है। सभी दस्तावेजों के बाद इनकी पूरी स्थिति के बारे में पता चल पाएगा। फिलहाल ऐसे स्कूलों की सूची तैयार की जा रही है, जो निदेशालय भेजी जाएगी। इसके बाद निदेशालय के आदे पर कार्रवाई की जाएगी। - प्रेमलता, जिला शिक्षा अधिकारी।