संवाद न्यूज एजेंसी
छछरौली। आरमेनिया भेजने के नाम पर डमौली निवासी दया रानी से तीन लोगों ने तीन लाख 11 हजार रुपये लेकर हड़प लिए। आरोप काटरवाली निवासी मदन लाल, अंबाला के धूलकोट निवासी सुशील व अरमेनिया में रह रहे मनोज पर लगा है। छछरौली थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छछरौली क्षेत्र के डमौली गांव निवासी दया रानी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह विदेश जाने की इच्छुक थी। 19 मार्च को उसकी मुलाकात काटरवाली निवासी मदन लाल व अंबाला के धूलकोट निवासी सुशील कुमार से हुई। आरोपियों ने उसे बताया कि वे लोगों को विदेश भेजने का काम करते है। उनका जानकार मनोज आरमेनिया में रहता है।
वह उसे आरमेनिया भेज देंगे। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने उससे फोटो व अन्य दस्तावेज और अलग अलग कर तीन लाख 11 हजार रुपये ले लिए। रुपये लेने के बाद आरोपियों ने उसे झूठे आश्वासन देने शुरू कर दिए। लेकिन आरोपियों ने उसे विदेश नहीं भेजा।
जब उसने आरोपियों से अपने रुपये वापस मांगे तो उन्होंने देने से मना कर दिया। उसने परेशान होकर इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक को दी। छछरौली थाना प्रभारी रोहताश सिंह का कहना है कि तीनों आरोपियों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।