संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सखी फाउंडेशन की ओर से 12 अगस्त को ज्योति पैलेस में तीजोत्सव मनाया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर ज्योति पैलेस में फाउंडेशन की बैठक हुई। कार्यक्रम में पूरे हरियाणा से टैलेंट हंट के विजेताओं में से 31 महिलाओं को नारी गौरव सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इस बार तीजोत्सव में भजन संध्या भी होगी।
राष्ट्रीय अध्यक्षा मलिक रोजी आनंद ने तैयारियों की समीक्षा की और सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने बताया कि आध्यात्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम लोगों को परंपराओं से जोड़ते हैं। कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीनें और ब्यूटी किट वितरित की जाएंगी। इसका उद्देश्य महिलाओं व बेटियों को आत्मनिर्भर बनाना और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि सखी फाउंडेशन वर्ष 1999 से महिलाओं के उत्थान के लिए कार्य कर रहा है और वर्तमान में 11 राज्यों में महिलाओं को सक्षम बनाने के लिए प्रयासरत है। फाउंडेशन की ओर से सखी योग केंद्र और सिलाई केंद्र चलाए जा रहे हैं। सिलाई केंद्रों से महिलाएं प्रशिक्षण लेकर आत्मनिर्भर बन रही हैं।
उन्होंने कहा कि तीज पर्व महिलाओं के लिए विशेष महत्व रखता है। पारंपरिक परिधानों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों से संस्कृति को बढ़ावा मिलता है। इस दौरान बैठक में गीता कपूर, वान्या अरोड़ा, प्रीति गुप्ता, उषा, सुशीला यादव, सावित्री छेत्री, मोनिका जोगी, सोनिया मौजूद रहीं।