लोगों के स्वास्थ्य की जांच करते स्वास्थ्य कर्मी।
- फोटो : AMAR UJALA
यमुनानगर
कैंप में स्थित श्री लाल जी मंदिर में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें वार्ड नंबर 17 के लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच कराई। साथ ही सभी को कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए सावधानियां बरतने के लिए प्रेरित किया गया। सभी लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क लगाने, सैनिटाइजर व थोड़ी-थोड़ी देर बाद साबुन से हाथ धोने से होने वाले फायदों के बारे में बताया गया। साथ ही सभी ने शपथ ली कि वह इन सब बातों का ध्यान रखेंगे। इस अवसर पर स्वास्थ्य जांच कर रही बिलासपुर सीएचसी से डॉ. निधि पपनेजा ने बताया कि आज कुल 272 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान यह देखा जा रहा है कि किसी को खांसी, जुकाम और बुखार ना हो। साथ ही सभी को दवाइयां भी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को 10 दिनों से ज्यादा समय से बुखार चल रहा है तो उसे ईएसआई अस्पताल में कोविड-19 के चेकअप के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि आज कोई भी केस ऐसा नहीं मिला है जिसे ईएसआई हॉस्पिटल के लिए रेफर किया गया हो। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य कर्मियों की मोबाइल टीम द्वारा रोजाना किसी ना किसी वार्ड में शहरवासियों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है। इस मौके पर नाहरपुर से फार्मेसिस्ट रीतू और यमुनानगर अस्पताल से एलटी अनुज भी मौजूद रहे।