दामला स्थित सेठ जय प्रकाश बहुतकनीकी संस्थान में वीरवार को विभिन्न कोर्स की शेष सीटें भरने के लिए ओपन काउंसलिंग हुई। ऑनलाइन काउंसलिंग के बाद संस्थान में 20 सीट रिक्त थीं। यह सीटें ओपन काउंसलिंग के जरिए संस्थान स्तर पर ही भरी जानी थी।
दाखिला लेने के लिए 250 से ज्यादा विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। दाखिला के लिए विद्यार्थी समय से पहले ही कॉलेज में पहुंच गए थे। दाखिला लेने को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल था। वहीं, कम सीटें होने के चलते विद्यार्थियों में थोड़ा तनाव भी देखा गया। प्रधानाचार्य अनिल बुद्धिराजा ने बताया कि दाखिला प्रक्रिया के लिए कॉलेज में सभी आवश्यक प्रबंध किए थे। विद्यार्थियों के लिए सहायता केंद्र लगाए गए थे। विद्यार्थियों को मेरिट के आधार पर दाखिला दिया जाना था। जिसके लिए विद्यार्थियों में होड़ रही। उन्होंने बताया कि संस्थान में प्लेसमेंट की अच्छी व्यवस्था है। देश की नामी मारुति, इंफोसिस, डैफोडिल, इस्जेक, जेबीएम, डाइकिन, खन्ना पेपर मिल्स सहित अन्य कंपनियां प्लेसमेंट के लिए आती हैं। इस दौरान विद्यार्थियों को कॉलेज के नियमों व इतिहास के बारे में बताया गया।