छछरौली। गिरते भू-जल स्तर व पेयजल संकट को देखते हुए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने जल संरक्षण की दिशा में विशेष अभियान चलाया है। विभाग ने गांव मलिकपुर खादर में 22 अवैध एवं खुले जल कनेक्शन काट दिए। विभाग की कार्रवाई से पानी के कम दबाव से जूझ रहे ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद है।
विभाग की टीम ने गांव में निरीक्षण अभियान चलाकर अवैध और अनधिकृत जल कनेक्शनों की पहचान की और तत्काल प्रभाव से उन्हें हटाया। अधिकारियों के अनुसार गर्मी में पानी की मांग बढ़ने और जलस्तर घटने से पेयजल आपूर्ति पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। ऐसे में अवैध कनेक्शनों और पानी की बर्बादी के कारण कई क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रभावित हो रही थी।
विभाग को लगातार पानी की बर्बादी और अनधिकृत कनेक्शनों की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने बताया कि जल संरक्षण और सभी उपभोक्ताओं तक सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करें और केवल वैध कनेक्शनों का ही इस्तेमाल करें। विभाग ने चेतावनी दी कि भविष्य में अवैध जल उपयोग या पानी की बर्बादी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।