संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर । मॉडल टाउन स्थित होटल एंड फूड प्लाजा के संचालक संजीव शर्मा से दो लोगों ने नकली खनन अधिकारी बनकर उसे खनन का काम दिलाने के बहाने के 20 लाख रुपये ठग लिए। आरोप कैथल निवासी सिकंदर व आदित्य पाल पर लगा है। होटल संचालक ने आईजी को शिकायत दी। आईजी से एसपी ऑफिस आई। एसपी के आदेश पर शहर थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मॉडल टाउन निवासी संजीव शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह होटल एंड फूड प्लाजा का संचालक है। मई 2021 में उनके होटल में उनसे मिलने के लिए कैथल निवासी सिकंदर व आदित्यपाल आए। सिकंदर उनका पूर्व परिचित है। उन्होंने उनकी मुलाकात आदित्य पाल से कराई थी। उनको बताया कि आदित्य पाल खनन अधिकारी है। आदित्य पाल ने बताया कि वह माइनिंग डायरेक्टर है।
वह उनको खनन का काम दिला सकता है। उन्होंने सिकंदर पर विश्वास करते हुए खनन का काम लेने के लिए सहमति दी। उसके कुछ दिन बाद दोनों आरोपी दोबारा उनके होटल में आए। उन्होंने कहा कि आपको खनन का काम शुरू करने में 15 से 20 लाख रुपये खर्च आएगा। बाकी खर्चा बाद में हो जाएगा। दोनों के कहे अनुसार आदित्य पाल द्वारा दिए गए खाता में अलग-अलग समय पर चार लाख 25 हजार रुपये चेक के माध्यम से जमा कराए।
इसके बाद अपनी पत्नी आरती के बैंक के खाता में से 2 लाख 33 हजार रुपये, उनके खुद के बैंक खाता से एक लाख 83 हजार रुपये गुगल पे के माध्यम से दिए गए। रुपये लेने के बाद कहा कि वह और रुपये बैंक खाता में नहीं ले सकते, क्योंकि उनको टैक्स की समस्या रहती है। उन्होंने कहा कि बकाया रकम नकद देनी पड़ेगी। इसके बाद सिकंदर व आदित्य पाल उनसे अलग-अलग तारीख में लगभग 10 लाख रुपये नकद ले गए।
इसके बाद उसे खनन का कोई भी काम नहीं दिलवाया। आरोपियों ने उसे बताया कि काम की प्रक्रिया जारी है। आदित्य पाल ने कहा कि काम जल्दी कराने के लिए माइनिंग अधिकारियों को दो नए एप्पल के फोन देने है। उन्होंने 16 जुलाई 2021 को किस्तों पर खरीद कर आदित्य पाल को दो आईफोन दे दिए। इसके बाद भी उसे माइनिंग का काम नहीं दिलाया। उससे करीब 20 लाख रुपये हड़प लिए है। शहर थाना प्रभारी पृथ्वी सिंह का कहना है कि दोनों आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।