यमुनानगर। इस बार 40 प्रतिशत दिव्यांगता वाले व्यक्ति व 85 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग को घर से मतदान करने की वैकल्पिक सुविधा प्रदान की जाएगी।
यमुनानगर, जगाधरी, रादौर व साढौरा चारों विधानसभाओं में 175 ने घर से मतदान करने के लिए फार्म भरा है। इसमें रादौर के 85 ऐसे मतदाता हैं जो कंफर्म हो चुके हैं। इसी तरह अन्य भी कंफर्म होने के बाद 18 व 19 मई को घर से मतदान करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन मनोज कुमार ने बताया कि 40 प्रतिशत दिव्यांग व 85 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग को घर से मतदान करने के लिए फार्म 12 डी भरकर अधिसूचना जारी होने के 5 दिनों के भीतर संबंधित रिटर्निंग अधिकारी को आवेदन करना होता है। दिव्यांग मतदाताओं को दिव्यांगता प्रमाणपत्र की एक प्रति जमा करवानी होगी।
बीएलओ मतदाताओं के घर से फार्म-12 डी प्राप्त करेगा। उम्मीदवारों को ऐसे निर्वाचकों की एक सूची भी प्रदान की जाएगी, यदि वे प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए अपने प्रतिनिधियों को नियुक्त करना चाहते हैं। मतदान अधिकारियों की टीम मतदाता का वोट लेने के लिए उसके पते पर पहुंचेगी। मतदाताओं को उनके दौरे के बारे में पहले से ही सूचित कर दिया जाएगा। मतदान अधिकारियों के साथ एक वीडियोग्राफर पुलिस सुरक्षा घेरे के साथ रहेगा। उन्होंने सभी से 25 मई मतदान के लिए बढ़-चढ़कर मतदान करने का आह्वान किया।