संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिला टीबी फोरम की बैठक एवं टीबी मुक्त ग्राम पंचायत के सम्मान समारोह का आयोजन मंगलवार को लघु सचिवालय में किया गया। अध्यक्षता कर रहे डीसी कैप्टन मनोज कुमार ने सरपंचों को सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि भारत सरकार का लक्ष्य है कि देश को टीबी से 2025 तक पूरी तरह समाप्त किया जाना है।
सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत देश को 2025 तक टीबी मुक्त बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। किसी भी व्यक्ति को दो हफ्ते से ज्यादा खांसी बुखार आना, वजन में कमी होना आदि लक्षण हो तो वह नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर जांच करवाए।
सभी सरकारी अस्पताल में टीबी का इलाज मुफ्त किया जाता है। क्षय रोग से ग्रस्त व्यक्ति का कम से कम छह महीने तक इलाज किया जाता है।उपचार के दौरान मरीजों को 500 रुपये प्रतिमाह पोषण के लिए सरकार द्वारा दिए जाते हैं। टीबी से ग्रस्त व्यक्ति इलाज के बिना प्रतिवर्ष 10 से 15 अन्य व्यक्तियों को टीबी से संक्रमित कर सकता है। उप सिविल सर्जन ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की और से टोल फ्री नंबर 1800-11-6666 जारी किया गया है। इस मौके सिविल सर्जन डॉ. मंजीत सिंह, उप सिविल सर्जन टीबी डॉ. अनूप गोयल आदि मौजूद रहे।
इन्हें दिया गया सम्मान
टीबी मुक्त पंचायतों में कुलविंद्र कौर सरपंच ग्राम पंचायत खेड़ी ब्राह्मणान, राजपाल कौर सरपंच ग्राम पंचायत सतगोली, प्रदीप कुमार सरपंच ग्राम पंचायत मसाना जटान, सीमा सरपंच ग्राम पंचायत पूर्णगढ, सुदेश रानी सरपंच ग्राम पंचायत ताहरपुर कुराली, कप्तान माजरी, भूलापुर, पीरवाली, भोलीवाला, तेवर नान्हड़ी, सुरजीत कौर सरपंच ग्राम पंचायत ठसका, प्रवीन कुमार सरपंच ग्राम पंचायत नैनावाली, आकाश कुमार सरपंच ग्राम पंचायत शाहजहांपुर, खारवन की टपरियां, गौरव कुमार सरपंच ग्राम पंचायत गुलाबगढ़ और राजेश कुमार सरपंच ग्राम पंचायत खंडवा पंचायतों को डीसी ने प्रशंसा पत्र व गांधी जी की प्रतिमा देकर सम्मानित किया।