यमुनानगर। भाई बहन के रिश्तों को शर्मसार करने का मामला प्रकाश में आया है। नाबालिग भाई (16 साल) मानसिक रूप से बीमार अपनी सगी बहन (17 साल) से दुष्कर्म करता रहा। बहन की तबियत खराब होने पर जब परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे तो पांच माह के गर्भ का पता चला। इसके बाद पूछताछ में सच्चाई उजागर हुई। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने किशोरी और परिजनों के बयान दर्ज किये। साथ ही मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता किशोरी के माता पिता मजदूरी करते हैं। जब वे काम पर चले जाते हैं तो पीछे उनकी मानसिक रूप से बीमार 17 साल की बेटी और 16 साल का बेटा रहते हैं। शुक्रवार को किशोरी के माता पिता को उसके पैरों में सूजन व आंखों में पीलापन दिखाई दिया। इस पर वे उसे अस्पताल में लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने जांच की, तो किशोरी पांच माह की गर्भवती निकली। यह सुनकर परिजन हैरान रह गए। जब किशोरी के पिता ने बेटी से सख्ती से पूछताछ की तो भाई-बहन के रिश्तों को तार-तार करने की बात सामने आई। किशोरी ने बताया कि जब वे काम पर चले जाते थे तो भाई उसके साथ गलत काम करता था। जब भी वह उसका विरोध जताती थी तो वह हर बार उसे धमकाकर चुप करा देता था। ऐसा कई माह से चल रहा था। अस्पताल में गर्भ की पुष्टि के बाद स्वास्थ्यकर्मी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किशोरी के बयान लिए। पुलिस को दिए बयान में किशोरी ने अपने भाई पर गलत काम के आरोप लगाए। थाना प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि मामले की सूचना मिलने पर वे अस्पताल गए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद केस दर्ज किया जाएगा।