संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर की रणजीत कॉलोनी में पीने के पानी के 16 सैंपल फेल मिले। यहां का पानी लोगाें के पीने लायक ही नहीं है। इस पानी में किस तरह का बैक्टीरिया है, इसके लिए सैंपल लैब में भेजे जाएंगे।
उधर कीर्ति नगर व राजा गार्डन में पीलिया का एक-एक मरीज मिला है। रणजीत कॉलोनी में पीलिया फैलने के अंदेशा के चलते 17 संदिग्ध लोगों के रक्त के सैंपल लिए गए हैं। जिनकी लैब में जांच की जाएगी। उधर, कीर्ति नगर में एक छात्रा की पीलिया से मौत होने की बात उसके परिजनों ने कही थी। परंतु स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि परिजनों ने लड़की की बीमारी से संबंधित कोई रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को नहीं दिखाई है। इसलिए मौत का कारण पीलिया है, विभाग इसकी पुष्टि नहीं करता।
रणजीत कॉलोनी, कीर्ति नगर व राजा गार्डन के साथ-साथ शर्मा कॉलोनी में भी कई दिनों से पीलिया ने दस्तक दे रखी है। शर्मा कॉलोनी निवासी नितिन ग्रोवर ने बताया कि उसकी नौ साल की बेटी नव्या ग्रोवर पीलिया के कारण जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती है। वहीं अमित शर्मा की बेटी पिहू, राजू शर्मा के बेटे कृष्णा व वंश को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है।
जिन घरों में पीलिया के रोगी हैं वहां पर सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची। टीम ने बीमार लोगों के अलावा उनके परिजनों के भी रक्त के सैंपल लिए। नितिन ग्रोवर ने आरोप लगाया कि उनकी कॉलोनी में कई दिन से सीवरेज जाम है। सीवरेज का पानी पीने की लाइन में मिल रहा है। जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को छह बार फोन कर चुके हैं। परंतु वह आश्वासन के सिवा कुछ नहीं दे रहे।
वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम सोमवार को सबसे पहले रणजीत कॉलोनी पहुंची। जहां पर पीलिया के 17 संदिग्ध लोगों के सैंपल लिए गए। इसके अलावा पानी के 16 सैंपल लिए गए जो जांच में अनफिट मिले। कॉलोनी में एक जगह लीकेज मिली।
सीवरेज का पानी पीने के पानी की लाइन में मिल रहा था। जिसे ठीक करने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। वहीं एक अवैध कनेक्शन मिला जिसे बंद कर दिया गया। इसी तरह कीर्ति नगर व राजा गार्डन कॉलोनी में 15 लोगों के रक्त के सैंपल लिए गए। दोनों कॉलोनियों में पीलिया का एक-एक पॉजिटिव केस मिला। वहीं पानी के भी 19 सैंपल लिए गए जो जांच में ठीक मिले।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर वागीश गुटैन का कहना है कि कीर्ति नगर व राजा गार्डन में पीलिया का एक-एक केस मिला है। रणजीत कॉलोनी में पानी के 16 सैंपल अनफिट मिले। सीवरेज का पानी पीने के पानी में मिक्स हो रहा है। जहां केस मिल रहे हैं वहां पर लोगों के स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है।