संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। अपनी गाड़ी की किश्त जमा करने के लिए प्यारा चौक के समीप आईडीबीआई बैंक के एटीएम में पहुंचे युवक से दो बदमाशों ने रिवाल्वर दिखाकर 16 हजार रुपये लूट कर फरार हो गए। घटना बुधवार रात साढ़े दस बजे की है। यह लूट कृष्णा नगर निवासी कार्तिक के साथ हुई है। शिकायत के आधार पर सिटी थाना शहर पुलिस ने केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में कार्तिक कुमार ने बताया कि वह बिजनेसमैन है। कुछ समय पहले उसने किश्तों पर गाड़ी ली थी, जिसकी पांच जून को सुबह किश्त कटनी थी। अकाउंट में बैलेंस मेंटेन करने के लिए वह स्कूटी से 16 हजार रुपये जमा कराने आईडीबीआई बैंक के एटीएम में पहुंचा था। अभी उसने एक नोट एटीएम में डाला ही था, तभी दो युवक अंदर आ गए और कहा मशीन में पैसे जमा हो रहे हैं, इस पर उसने कहा हां।
तभी दूसरे लड़के ने रिवाल्वर निकाल ली और उसके सामने तान दी और उसके हाथ से 16 हजार रुपये, मोबाइल, पर्स, एक्टिवा की चाबी लेकर फरार हो गए। उसने बदमाशों का कहा उसकी स्कूटी की चाबी तो दे दो, तब बदमाश बोले दे देंगे पर एटीएम से बाहर निकले तो उसे गोली मार देंगे। उसके बाद दोमी भाग निकले। बाहर आने पर कार्तिक को स्कूटी की चाबी जमीन पर पड़ी मिली।
कार्तिक ने बताया कि बदमाशाें के फरार होने के बाद उसने तुरंत परिजन व डायल 112 पर कॉल पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर थाना शहर पुलिस और सीआईए-1 की टीम पहुंची। पुलिस ने बैंक अधिकारियों को भी सूचना देकर मौके पर बुलाया। पुलिस बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरे और आसपास के कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। सिटी थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर बदमाशों का सुराग लगाया जा रहा है।