संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। दहेज उत्पीड़न के तीन मामलों में पुलिस ने 16 आरोपियोें के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक महिला ने अपने ससुर पर दुष्कर्म करने के प्रयास व दूसरी महिला ने देवर पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तीनों मामलों की जांच शुरू कर दी है।
जगाधरी के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 12 दिसंबर 2018 को अंबाला के एक गांव निवासी के साथ हुई थी। शादी में उसके मायके वालों ने उसे जरूरत का सारा सामान देकर विदा किया था। आरोप है कि शादी के कुछ दिन के बाद ही उसके ससुराल पक्ष के लोग उससे दहेज में एक लाख रुपये की मांग करने लगे।
आरोप है कि मांग पूरी न होने पर उसके ससुराल पक्ष के लोग उसे प्रताड़ित करने लगे। महिला ने बताया कि बीती आठ सितंबर 2022 को वह अपने कमरे में लेटी हुई थी। तभी उसके ससुर उसके कमरे में घुस गया और उसके साथ गलत काम करने का प्रयास किया। उसने विरोध किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। उसने यह बात अपने पति को बताई तो उसने भी उससे मारपीट की और घर से निकाल दिया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर उसके पति, ससुर, सास, ताई सास व ननद के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उधर, चांदपुर निवासी रितू रानी ने बताया कि उसकी शादी 31 मई 2017 को अंबाला के बलदेव नगर निवासी अजय के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी में दहेज की मांग पूरी न होने पर उसके ससुराल वालों ने उसे पीटकर घर से निकाल दिया। गांधी नगर पुलिस ने मामले में महिला के पति अजय, ससुर रामदेव, सास पत्राजी, ननद अनिता व जेठ श्याम सुंदर पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर की एक कॉलोनी निवासी महिला ने बताया कि उसने बीती छह मई को प्रेम विवाह किया था। विवाह में कोई दहेज का सामान नहीं दिया गया था। आरोप है कि इसी बात को लेकर उसके ससुराल पक्ष के लोग उससे खुश नहीं थे। शादी के बाद उसके पति का भी उसके पति व्यवहार बदल गया। आरोप है कि आरोपी उससे दहेज में कीमती सामान लाने की मांग करने लगे।
एक दिन उसकी सास छत पर थ और वह अपने कमरे में थी। तभी उसका देवर आया और उसके साथ छेड़छाड़ की। जब उसने शोर मचाया तो उसकी सास के आने पर आरोपी ने उसे छोड़ दिया। लेकिन उसकी सास ने आरोपी को कुछ नहीं कहा। जब उसने यह बात अपने पति को बताई तो उसने भी उसे ही दोष दिया। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उसे मारपीट की।
उसके पति ने जबरन उसके मुंह पर फिनाइल डाल दिया। जिससे उसकी तबीयत खराब हो गई। उसने फोन पर अपनी भाभी को यह बात बताई। उसने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। शहर पुलिस ने मामले में महिला के आरोपी पति, देवर, सास, ससुर, चाचा ससुर समेत छह लोगों पर दहेज उत्पीड़न व छेड़छाड़ का केस दर्ज कर लिया है।