यमुनानगर। जगाधरी स्थित विश्वकर्मा कालोनी में चार आरोपियों ने दुकान बेचने के नाम पर इंदिरा कालोनी निवासी असपाल सिंह से 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। बाद में उसे पता चला कि आरोपी ने दुकान पर लोन ले रखा है। उसने उनसे रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत पर दंपती समेत परिवार के चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
इंदिरा कालोनी निवासी असपाल सिंह ने शहर जगाधरी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पिछले साल उसे काम के लिए दुकान खरीदनी थी। इस दौरान उसे पता लगा कि भूखड़ी निवासी जगमोहन कांबोज अपनी विश्वकर्मा कालोनी की दुकान बेचना चाहता है। इस पर उसने उससे बात की। उसका आरोपी के साथ 12 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। सौदा तय होने के बाद उसने आरोपी को पूरे रुपये दे दिए। जब निर्धारित तारीख पर बैनामा कराने पहुंचे, तो जगमोहन नहीं आया और कुछ समय और मांगने लगा। शक होने पर जांच कराई, तो पता लगा कि यह दुकान जगमोहन ने अपनी पत्नी बबीता, मां सुरेशो देवी व पिता नरेंद्र सिंह के नाम कर रखी है।
इन्होंने इस दुकान पर 16 लाख रुपये का लोन भी लिया हुआ है। बैंक की ओर से इस दुकान को नीलाम करने की प्रक्रिया भी चल रही है। इस पर जगमोहन से बात की और पैसे वापस मांगे। आरोप है कि उसने पैसे देने से इंकार कर दिया। दोबारा रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। उसने परेशान होकर इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में आरोपी जगमोहन कांबोज उसकी पत्नी बबीता, उसकी मां सुरेशो देवी व पिता नरेंद्र सिंह पर धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। एसआई सुरेश कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।