कष्ट निवारण समिति की बैठक में शुक्रवार उस वक्त गंभीर स्थिति बन गई, जब स्क्रीनिंग व स्टोन क्रशर की शिकायत करने वाला फरियादी ही नहीं पहुंचा। शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन ने अधिकारियों से पूछा तो वो भी कोई जवाब नहीं दे पाएं। खनन से जुड़ा गंभीर मामला होने के चलते मंत्री गुस्सा हो गई और अधिकारियों से कहा कि फरियादी से सेटिंग हो गई क्या? इस पर अधिकारी बगलें झांकते नजर आएं। दरअसल, ताहरपुर कलां के जफरूद्दीन ने शिकायत दी थी कि गांव से 800 मीटर दूर इकोसेंस्टिव जोन से मात्र 100 मीटर की दूरी पर खान स्क्रीन एवं स्टोन क्रशर है जो कि गलत तरीके से लगा है, जबकि गांव से करीब दो किलोमीटर की दूरी पर यह लगा होना चाहिये था। वन विभाग द्वारा इसकी पड़ताल कर 22 अप्रैल 2016 को कलेक्टर के अनुसार वन विभाग के नियमों के अनुसार इसकी एनओसी कैंसल कर दी थी। लेकिन फिर यह गलत तरीके से चल रहा है। जिसे पढ़ने के बाद कविता जैन ने माइक द्वारा मीटिंग में आवाज लगाई, लेकिन न वादी पहुंचा और न ही फरियादी। जिस पर मंत्री ने डीसी आमना तस्नीम को इस मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय कमेटी बनाने और 15 दिन के अंदर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिये।
विधायक साहब आपके एरिया की शिकायत हैं बोलें: कविता
इस दौरान कैंप निवासी बहादुरमल ने शिव मंदिर धर्मशाला में विधायक फंड द्वारा निर्माण कार्य में अनियमितता बारे शिकायत दी। बताया गया कि 50 लाख रुपये की ग्रांट से निगम द्वारा टेंडर के तहत कार्य किया गया। इसमें धर्मशाला के किसी भी सदस्य का दखल व सहयोग की कोई जरूरत नहीं समझी गई, ऐसे में ठेकेदार और निगम की मिलीभगत से कार्य चल रहा है। वहां डाली जा रही आरसीसी का काम बिना किसी पैमाने के किया जा रहा है। 50 से 70 फीट की छत पर 15 फीट की ऊंचाई पर भी बिना किसी पैमाने के मर्जी मुताबिक ढलाई की गई है जो सामान संबंधित अनुपात के अनुसार होना चाहिये वह नहीं हो रहा है जो कि खतरनाक है। इस पर मंत्री कविता जैन ने पास बैठे विधायक घनश्याम दास से कहा कि विधायक साहब आपके एरिया की शिकायत आई है अब आप ही बोले। इस पर विधायक बोले-चिंता न करें कोई गड़बड़ी नहीं होने दूंगा मंत्री महोदया।
फरियादी से विधायक की गुजारिश- हिंदी में बताएं समस्या
बैठक में शिवपुरी बी निवासी प्रवेश राय की एसबीआई बैंक के अधिकारियों द्वारा हरासमेंट और शिक्षा लोन का वन टाइम सेटलमेंट को लेकर शिकायत थी। जैसे ही उसने शिकायत के बारे में मंत्री व वहां मौजूद विधायक व अधिकारियों को अंग्रेजी में बताना शुरू कर दिया, तभी रादौर विधायक श्याम सिंह राणा बीच में बोल पड़े और कहा- अरे भाई अंग्रेजी में ही बोलेगा सारा, कुछ हिंदी में भी बोल दो। दरअसल, प्रवेश राय के अनुसार 2007 में उसने एसबीआई बैंक से बीडीएस कोर्स के लिये चार लाख रुपये का शिक्षा का लोन सेक्शन करवाया था। यह अनसिक्योर लोन था, इसमें उसने कोई सिक्योरिटी नहीं दी थी। इस कोर्स की अवधि पांच साल की थी और जब यह कोर्स समाप्त हुआ तो उसने 2012 में किस्त देनी शुरू कर दी। उसने बताया कि उसने अपनी सब्सिडी व किस्तों के माध्यम से बैंक को 754363 रुपये जमा करवा चुका है। लेकिन फिर भी बैंक उनका खाता एनपीए किया हुआ है। इसपर एसबीआई बैंक के अधिकारी ने कविता जैन को समझाया। लेकिन प्रार्थी जांच करवाने की बात पर अड़ गया, जिसके बाद मंत्री ने एडीसी को इसमें जांच करने के निर्देश दिये।
14 में से 11 को किया निपटान
शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन ने जिला सचिवालय के सभाकक्ष में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक ली। बैठक में 14 शिकायतों आई जिनमें से 11 का निपटाया गया और तीन को अगली मीटिंग के लिये निपटान तक रखा गया। इस दौरान अर्जुन सिंह निवासी कांसली ने उषा रानी, संधाली निवासी मदन लाल ने गांव के सरपंच के खिलाफ, गौमती गली जगाधरी निवासी सतपाल सिंह ने नाले के कारण उसकी जमीन व खेती खराब होने बारे, गांव दड़वा निवासी ईसम सिंह ने चक्की के ट्रासफार्मर को ठीक करवाने बारे, गढ़ी गुजरान निवासी असलम ने प्लाटों एवं घरों के ऊपर से गुजर रही बिजली की हाई वोल्टेज तारों को हटाने, कैंप निवासी बहादुरमल न े शिव मंदिर धर्मशाला कैंप के निर्माण में अनियमितता बरतने, गांव तारूवाला निवासी अमरजीत सिंह ने पिछले साल धान की फसल नुकसान का मुआवजा देने, शेरगढ़ करनाल निवासी दलबीर सिंह ने धोखाधड़ी से पैसे हड़पने, करेहड़ा खुर्द निवासी ने बुढापा पेंशन न मिलने तथा गांव मंसापुर निवासी रोहित ने घर के सामने खुले में हड्डा रोडी की जमीन में मृत पशु गिराने, कुरड़ियां डालने व गंदगी फैलाने के बारे में शिकायत दी।
इन्हें रखा गया पेंडिंग
इस दौरान गांव सांगीपुर निवासी हरि राम ने गांव के पूर्व व मौजूदा सरपंच के खिलाफ सरकारी राशि का दुरूपयोग करने के आरोप लगाए हैं और स्थानीय निकाय मंत्री ने बीडीपीओ रादौर को जांच करने के निर्देश दिए और इस मामले को आगामी बैठक तक लंबित रखा गया। शिवपुरी-बी निवासी परवेश राय ने एसबीआई बैंक के उच्च अधिकारियों द्वारा मैंटल अगोली और हरास्मेंट व शिक्षा लोन को वनटाइम सेटलमेंट न करने बारे शिकायत दी, जिसमें कविता जैन एडीसी को इसमें जांच करने के निर्देश दिये। जगाधरी निवासी रविन्द्र ने अजय प्लाईवुड फैक्टरी में लगे बायलर से निकलने वाली आग से होने वाले नुकसान की वजह से उसको अन्य स्थान पर लगाने की मांग की। इसमें मंत्री ने प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी को इसमें जांच करने के निर्देश दिये। मीटिंग के बाद अन्य लोगों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों को कविता जैन को सौंपा।
यह रहे मीटिंग में मौजूद
इस मौके पर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, रादौर विधायक श्याम सिंह राणा, साढौरा विधायक बलवंत सिंह, हरियाणा समाज कल्याण बोर्ड की अध्यक्षा रोजी आनंद मलिक, डीसी आमना तस्नीम, एसपी कुलदीप सिंह यादव, एडीसी प्रशांत पंवार, जगाधरी के एसडीएम सतीश कुमार, बिलासपुर एसडीएम गिरीश कुमार, रादौर एसडीएम कंवर सिंह, नगर निगम कमिश्नर पूजा चांवरिया आदि मौजूद रहे।