यमुनानगर। सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम गिरीश कुमार ने कहा कि चुनाव में मतगणना का कार्य 23 मई को सुबह आठ बजे शुरू किया जाएगा। साढौरा विधानसभा क्षेत्र के लिए मतगणना सरस्वती स्कूल जगाधरी में बनाया गया है। वे जगाधरी स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि मतगणना के कार्य से जुड़े सभी अधिकारी व कर्मचारी अपनी ड्यूटी सही प्रकार से चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशानुसार करें और किसी प्रकार की कोताही एवं लापरवाही न बरतें। उन्होंने बताया कि मतगणना के दौरान सरकारी ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों, उम्मीदवार, मतगणना एंजेटों व निर्वाचन आयोग द्वारा अधिकृत मीडिया के अलावा किसी भी व्यक्ति को मतदान केन्द्र परिसर में जाने की अनुमति नहीं होगी। मतगणना केन्द्रों के 100 मीटर के दायरे में किसी प्रकार के वाहन का आवागमन नहीं होना चाहिए। निर्वाचन आयोग की हिदायतों की पालना करते हुए मतदान के कार्य को पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ करते हुए इस कार्य को बखूबी निभाएं। मतगणना के दिन जिन अधिकरी व कर्मचारियों की ड्यूटी मतगणना केन्द्र में लगाई गई है उनका रिहर्सल मंगलवार को सरस्वती स्कूल जगाधरी में हुई। इस अवसर पर तहसीलदार तरुण सहोता, बीडीपीओ नरेंद्र कुमार, परियोजना अधिकारी राजेन्द्र बहल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।