बाबा धारीमल की समाधि पर मेला 31 को
रादौर। गांव खुर्दबन में बाबा धारीमल की समाधि पर 31 मार्च रविवार को मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले में दूर-दूर से हजारों की संख्या में श्रद्धालु मत्था टेकने और पूजा अर्चना करने पहुंचेंगे। हिंदू सिख एकता की मिसाल रहे बाबा धारीमल की समाधि पर आयोजित विशाल भंडारे में हजारों लोग प्रसाद ग्रहण करेंगे। यह जानकारी देते हुए गांव खुर्दबन के पूर्व सरपंच कर्मवीर खुर्दबन ने बताया कि बाबा धारीमल ने गांव खुर्दबन व धनौरा के जंगलों में वर्षों तपस्या की और इसी स्थान पर वह ब्रह्मलीन हो गए। इस जगह पर गांव खुर्दबन धनौरा के लोगों ने बाबा धारीमल की समाधि बनाई। बाबा धारीमल की समाधि पर जहां गुरू ग्रंथ साहिब का पाठ होता है वहीं रामचरित मानस का पाठ भी किया जाता है। बाबा धारीमल उन महान संतों में से एक थे, जिन्होंने गुरू नानक देव के आदर्शों को अपनाकर अपना सारा जीवन मानव कल्याण व प्रभु भक्ति में व्यतीत किया। बाबा धारीमल की समाधि पर हर जाति व धर्म के लोग समाधि पर आकर पूजा अर्चना करते है और मन्नतें मांगते हैं। उन्होंने बताया कि मन्नतें पूरी होने पर हर साल मार्च मास में लगने वाले मेले के दौरान गुरू ग्रंथ साहब का पाठ व रामायण का पाठ करवाते है। पिछले एक महीने से बाबा धारीमल की समाधि पर पाठ का आयोजन किया जा रहा है।