अवैध शराब की बिक्री के विरोध में उतरी महिलाएं, एसडीएम को शिकायत दी
रादौर। शहर के छोटाबांस में अवैध रूप से शराब बेचे जाने व शराब के ठेके को बंद करवाने की मांग को लेकर सोमवार को महिलाएं एसडीएम कंवर सिंह से मिलीं। महिलाओं ने एसडीएम को शिकायत पत्र देकर अवैध रूप से बिक रही शराब और गांव में चल रहे ठेके को नियमित रूप से बंद करवाने की मांग की। जिस पर एसडीएम कंवर सिंह ने महिलाओं को आश्वासन दिया कि इस बारे प्रशासन की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी। छोटाबांस निवासी बाला देवी, कमलेश, सुलेखा, मायादेवी, पिंकी, रूक्मणी मीणा, प्रेमवती, पुष्पा रानी, रजनी देवी, ओमवती, सोनी, जीतो आदि ने बताया की शहर के छोटाबांस में कुछ लोग खुले आम अवैध रूप से शराब बेचने का काम कर रहे हैं। छोटा बांस में रहने वाले युवा अवैध रूप से बिक रही शराब का शिकार हो रहे हैं। अवैध रूप से बिक रही शराब के कारण दिन भर शराब पीकर लोग गलियों में गाली गलौच करते रहते हैं। जिससे महिलाओं का घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। इस बारे एसडीएम रादौर कंवर सिंह ने कहा कि अवैध रूप से शराब बेचे जाने का मामला गंभीर है। इस बारे पुलिस को सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए जाएंगे।