प्रशिक्षण शिविर में अभिभावकों को जागरूक किया
जठलाना। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घिलौर में एक दिवसीय एसएमसी प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें मास्टर ट्रेनर विजय कुमार व संजय कुमार ने एसएससी सदस्यों को प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रिंसिपल बलविन्द्र सिंह ने की। इस अवसर पर मास्टर ट्रेनर विजय कुमार व संजय कुमार ने कहा कि बच्चे देश की पूंजी है। बच्चे की भविष्य में देश के नागरिक बनेंगे। बच्चों का भविष्य उज्जवल हो यह केवल अध्यापकों का कत्र्तव्य नहीं बल्कि इसमें अभिभावकों के साथ साथ स्कूल समिति सदस्यों की जिम्मेवारी भी अह्म बन जाती है। अध्यापक, अभिभावक व समाज के लोग अगर मिलकर कार्य करते तो बच्चों को देश का एक अच्छा व कत्र्तव्यपरक नागरिक बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार ने शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत स्कूलो में मिड डे मिल व निशुल्क शिक्षा की व्यवस्था की है। जिसके तहत 14 वर्ष तक के बच्चों को निशुल्क शिक्षा सरकार की ओर से दी जा रही है। वहीं स्कूलो में पौष्टिक मिड डे मील भी दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओ का लाभ बच्चों व अभिभावकों को उचित प्रकार से मिल सके इसके लिए एसएमसी सदस्यों को इस पर ध्यान देना चाहिए। स्कूल के माहौल को किस प्रकार अधिक बेहतर बनाया जा सकता है इस पर भी ध्यान दिए जाने की जरूरत है। मौके पर प्रिसिंपल बलविन्द्र सिंह, सोमपाल पंवार, बसंत कुमार, कविता दत्ता, सलिन्द्र कुमार, विकास कुमार, संजीव कुमार व राहुल कुमार इत्यादि मौजूद रहे।