पुलिस की तीन टीमें गठित फिर भी सीए को लूटने वालों को नहीं लगा सुराग
जिमखाना क्लब में मात्र 40 सेकेंड में गन प्वाइंट पर सीए से कार लूटने का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। जिमखाना क्लब में सीए पंकज मलिक से मात्र 40 में गन प्वाइंट पर कार लूटने वाले तीन बदमाश को दूसरे दिन भी पुलिस कोई सुराग नहीं लगा पाई। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की सीआईए व डिटेक्टिव सहित तीन टीमें गठित की गई है। पुलिस ने बुधवार को कई स्थानों पर दबिश दी। लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा पाई। हालांकि सीसीटीवी फुटेज में तीन आरोपी कैद हुए है। लेकिन उनके चेहरे साफ नजर नहीं आ रहे है। पुलिस मामले में किसी गैंग का हाथ होने की बात कह रही है।
बॉक्स
ये था मामला :
सरोजनी कालोनी निवासी सीए पंकज मलिक मंगलवार अलसुबह एक्सरसाइज करने जिमखाना क्लब में अपनी कार में सवार होकर आए थे। मलिक ने बताया था कि रोज की तरह वह मंगलवार अलसुबह छह बजकर दो मिनट पर जिमखाना क्लब की जिम में एक्सरसाइज करने आया था। उसने जिमखाना क्लब के गेट के अंदर पहुंचकर कार को पार्किंग में पार्क किया और नीचे उतरा। तभी ट्रैक सूट व सिर पर टॉपी पहने तीन बदमाश पैदल उसके पास आए। तीनों बदमाशों ने आते ही उसे घेर लिया और उससे कार की चाबी मांगने लगे। लेकिन उसने चाबी देने से मना करते हुए उनका विरोध किया। तभी एक बदमाश ने जेब से पिस्टल निकालकर उसके पेट पर तान दी और जान से मारने की धमकी दी। उसने जान बचाने के कारण कार की चाबी बदमाशों को दे दी। बदमाशों ने उसका मोबाइल छीन लिया। दो बदमाश कार लेकर गेट के बाहर निकले और तीसरा बदमाश दौड़कर गेट से बाहर गया। इसके बाद बदमाश पंचायत भवन की तरफ फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज में आरोपियों ने मात्र 40 सेकेंड में वारदात को अंजाम दिया।
वर्जन पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। आरोपियों को पकड़ने के लिए सीआईए व डिटेक्टिव पुलिस भी उनकी मदद कर रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
- एसआई ओमबीर, जांच अधिकारी, थाना शहर यमुनानगर।