पाकिस्तान स्थित कटासराज तीर्थ यात्रा को किया स्थगित
यमुनानगरपुलवामा में हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान स्थत कटासराज तीर्थ यात्रा को स्थगित कर दिया गया है! यात्रा मार्च के पहले सप्ताह में पाकिस्तान स्थित कटासराज जानी थी। केंद्रीय सनातन धर्म सभा उत्तरी भारत के प्रधान एवं कटासराज धाम तीर्थ यात्रा के संयोजक शिवप्रताप बजाज ने बताया कि आतंकवाद के द्वारा भारतीय सैनिकों पर हुए हमले के बाद यात्रा को स्थगित किया गया है। उन्होंने बताया कि 2 मार्च से 8 मार्च तक होने वाली प्रस्तावित तीर्थ यात्रा इस दुख भरे देश में बने माहौल के कारण यात्रा स्थगित करनी पड़ी है। महाशिवरात्रि के अवसर पर यह तीर्थ यात्रा संपन्न होनी थी, जिसकी पूरी तैयारियां हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि इस यात्रा में देश भर से 150 श्रद्धालु तीर्थयात्रियों की लिस्ट भारत सरकार को भेजी जा चुकी है। जिसमें भारत के विभिन्न 12 प्रदेशों से तीर्थयात्री सम्मिलित होने थे। उन्होंने बताया कि इंडो पाक प्रोटोकॉल 1972 के अनुसार देश भर से 200 हिंदू तीर्थ यात्रियों को इस यात्रा की अनुमति है। वर्ष में दो बार यात्रा होती है। मौजूदा हालत में आतंकियों की घिनौनी करतूत के कारण कटासराज के हजारों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को गहरा आघात पहुंचा है। इसी कारण तीर्थ यात्रा स्थगित करनी पड़ी।