गेट लगाकर पंचायत ने बंद किया ओवरलोड वाहनों का रास्ता
खिजराबाद। ताजेवाला से मांडेवाला जाने वाले रास्ते से निकल रहे ओवरलोड वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए बीडीपीओ की मौजूदगी में पंचायत की तरफ से हाइटगेट और बेरिकेट्स लगाकर रास्ता बंद कर दिया। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया। बहादुरपुर के सरपंच बृजपाल ने बताया कि ताजेवाला से मांडेवाला जाने वाले रास्ते पर अवैध खनन सामग्री से भरे वाहन गुजर रहे थे, वहां पंचायत की जमीन है। जिस बारे में कई बार अधिकारियों को पत्र के माध्यम से अवगत करवाया गया था, लेकिन तीन-चार साल से कोई कार्यवाही नही हो रही थी। दिसंबर माह में पंचायत एवं विकास अधिकारी द्वारा रास्ते पर खाई खोदकर उसे बंद कर दिया गया था, लेकिन अवैध खनन करने वालों ने इसे फिर से खोलकर रास्ता चालू कर लिया और यह बात भी अधिकारियों के संज्ञान में लाई गई थी।
उन्होंने बताया कि इस पर संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन की ओर से सभी पंचायती रास्तों जहां से अवैध खनन और भारी ओवरलोड वाहन गुजर रहे हैं वहां पर बैरिगेट लगाकर रास्ते को बंद कर दिया जाए। सरपंच ने बताया कि रास्ता बंद होने की सूचना पर ताजेवाला से कुछ स्क्रीन प्लाट संचालक मौके पर विरोध करने पहुंचे थे, लेकिन पंचायत अधिकारी द्वारा इसे प्रशासनिक कार्यवाही बताते हुए वापिस भेज दिया। अब यहां हाइटगेट लगाएं जा रहे हैं। जिनसे छोटे वाहन और कृषि वाहन ही निकल सकते हैं।
बॉक्स
दिनरात गुजरते हैं वाहन
ताजेवाला-मांडेवाला मार्ग पर दिन रात ओवरलोड वाहन गुजरते हैं। बल्लेवाला के एक व्यक्ति ने हाईकोर्ट में याचिका भी दायर की हुई थी कि जिस रास्ते से ओवरलोड वाहन निकल रहे हैं। वह पंचायत का रास्ता है और कुछ भूमि वन विभाग की भी लगती है। अगस्त 2016 में वन विभाग ने खाई खोदकर इस रास्ते को बंद किया था। इससे पहले अप्रैल 2013 में भी यह रास्ता ओवरलोड की वजह से वन विभाग द्वारा बंद करवाया गया था। फरवरी 2016 में भी वन विभाग ने जेसीबी से खाई खोदकर रास्ता बंद करवाया था। इसके बावजूद इस रास्ते से ओवरलोड वाहनों की आवाजाही बंद नहीं हुई।
वर्जन
बीडीपीओ फूल सिंह का कहना है कि जिला प्रशासन के आदेशों की पालना की जा रही है। पंचायत द्वारा लिखित में शिकायत दी गई थी कि पंचायत के रास्ते से ओवरलोड और अवैध खनन सामग्री से भरे वाहन गुजर रहे हैं। इस पर संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन की ओर से पंचायती रास्तों पर बैरिकेट्स लगाए जा रहे हैं। इसके बाद भूडकलां, मांडेवाला, कोलीवाला आदि जगहों पर भी पंचायती रास्तों पर बैरिकेट्स लगाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके लिए सारा खर्चा जिला प्रशासन द्वारा किया जा रहा है। पुलिस की सुरक्षा भी ली गई है। यदि कोई इन बेरिकेट्स को नुकसान पहुंचाएगा तो उसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
फोटो नंबर 22, 23