दो ट्रकों की भिड़ंत में व्यक्ति की मौत, दो घंटे जाम रहा नेशनल हाइवे
छछरौली के त्रिकोनी चौक पर देर शाम हुआ हादसा, पुलिस ने दो घंटे की मशक्कत के बाद खुलवाया जाम
छछरौली। जगाधरी पौंटा साहिब नेशनल हाईवे पर छछरौली त्रिकोनी चौक के पास दो ट्रकों की भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौत हो गई। ट्रकों की भिड़ंत के कारण नेशनल हाईवे पर दोनों तरफ दो घंटे तक जाम लगा रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने जाम खुलवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है।
जानकारी के अनुसार छछरौली त्रिकोनी चौक के पास रेत बजरी के दो ट्रकों में भिड़ंत हो गई। जिसमें एक ट्रक ड्राइवर की गंभीर रूप से घायल होने की वजह से मौत हो गई। ट्रकों की भिड़ंत से नेशनल हाईवे पूरी तरह से ब्लॉक हो गया। जिसके कारण नेशनल हाइवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई और जाम में सैकड़ों वाहन हाइवे में फंस गए। इस हादसे के कारण लगभग दो घंटे तक जाम लगा रहा। नेशनल हाईवे पर हुए इस हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने लगातार दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। जाम खुलने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
रोजाना हो रहे हादसे
लोगों का कहना है कि नेशनल हाईवे पर रेत बजरी के वाहनों की वजह से रोजाना हादसे हो रहे हैं. जिसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ता है। ट्रकों द्वारा नेशनल हाईवे पर हादसा होने के बाद नेशनल हाईवे ब्लॉक हो जाता है और वाहनों की लंबी कतारें लग जाती है। लोगों का कहना है कि यह ज्यादातर हादसे शाम छह बजे से लेकर रात दस बजे के बीच होते हैं और यही समय लोगों के ड्यूटी और अपने कामों से लौटने का होता है।
कई दर्जन लोगों की जा चुकी है जान
नेशनल हाईवे पर हो रहे हादसों में कई दर्जन लोगों की जानें भी जा चुकी है लोगों का कहना है कि जाम की स्थिति तो रोजाना ही कहीं ना कहीं बनी रहती है। जिससे लोग कई कई घंटे जाम में फंसे रहते हैं लोगों की मांग है कि प्रशासन को शाम पांच बजे से लेकर रात के दस बजे तक खिजराबाद से जगाधरी तक बाहरी रेत बजरी के वाहनों पर बैन लगाना चाहिए। ताकि आम जनता को कोई परेशानी ना भुगतनी पड़े और सड़क पर हो रहे हादसे भी ना हो।