चोरी करते समय अपनी सुरक्षा के लिए पाल रखा था बंदर, पकड़े जाने पर लगा देता था पीछे
अमर उजाला ब्यूरो
जठलाना। किसानों ने एक ऐसे चोर को पकड़ा है, जो जिसने अपनी सुरक्षा के लिए बंदर पाल रखा था। जब कोई उसे पकड़ने का प्रयास करता तो बंदर को उसके पीछे लगा देता, लेकिन मंगलवार को वह चूक गया और उसने अपने बंदर को बाइक पर बांध दिया। जिसके चलते बंदर ग्रामीणों के पीछे नहीं लगा पाया। लोगों ने पहले उसकी धुनाई की फिर पुलिस को सौंप दिया। मजे की बात तो यह है आरोपी दिन में मदारी के पकड़ पहनकर रखता था, ताकि किसी को उसपर शक न हो और खुद को भी सेफ रख सके। गांव खजूरी के सरपंच रणदीप सिंह व गांव वालों ने उसे पकड़कर बंदर समेत पुलिस के हवाले कर दिया।
खेतों में खड़े खंभों से चुरा रहा था सामान
गांव के खजूरी के प्रताप सिंह, सोनू, सुखबीर राणा, पंच रजिंद्र शर्मा, कृपाल राणा ने बताया कि सुबह से खजूरी रोड पर आवर्धन नहर के पुल पर एक व्यक्ति घूम रहा था। जिसकी सूचना उन्होंने तुरंत सरपंच रणदीप सिंह व गांव के अन्य लोगों को दी। उन्होंने बताया कि चोर को पकड़ने के लिए उन्होंने इसका पीछा करना शुरू किया। चोर एक बिजली के खंभे से लोहे का एंगल चुरा रहा था, जिनका वजन 15 किलो के करीब था। जब वह वहां से चलने लगा तो उन्होंने तभी उसे रंगेहाथों दबोच लिया। इतना रही नहीं उसके पास से चोरी करने के औजार भी बरामद हुए हैं। इतने में गांव के सरपंच रणदीप सिंह वहां आ गए। उन्होंने पूरी जानकारी लेने के बाद जठलाना पुलिस को इसके बारे में सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर व्यक्ति को बंदर के साथ कब्जे में ले लिया।
ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को पकड़ा था। उसके पास बंदर भी मिला है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। आगे की जांच के लिए उसे सीआईए के हवाले कर दिया है। अभी तक आरोपी की क्राइम हिस्ट्री सामने नहीं आई है।- पृथ्वी सिंह, एसएचओ, जठलाना थाना।