बच्चे की मौत में लापरवाही हुई या नहीं, 11 जनवरी को पांच डॉक्टरों का पैनल लगाएगा पता
यमुनानगर। सिविल अस्पताल में बुखार से पीड़ित तीन माह के मासूम की मौत में लापरवाही हुई या नहीं। यदि लापरवाही हुई तो किसने की। मृतक बच्चे के परिजनों द्वारा लगाए आरोपों में कितनी सच्चाई है। क्या पूरी रात बच्चा व उसकी मां फर्श पर रही। इन सबका जवाब 11 जनवरी को यानी कल पांच डॉक्टरों का पैनल निकालेगा। डॉक्टरों का बोर्ड दोपहर बाद तीन बजे अस्पताल में इसकी जांच करेगा। जांच में चाइल्ड केयर नर्सरी यूनिट में लगे सीसीटीवी की फुटेज और बच्चे की पोस्टमार्टम रिपोर्ट अहम हिस्सा होगा। इसके अलावा ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों व परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे। जिसके बाद डॉक्टरों का पैनल अपनी रिपोर्ट देगा। रिपोर्ट में यदि स्टाफ पर लगाए आरोपी सही निकले तो पुलिस एफआईआर दर्ज करेंगी।
बॉक्स
खानपुर में हुआ पोस्टमार्टम, बिसरा जांच के लिए लैब में भेजा :
मंगलवार को मृतक बच्चे के शव को खानपुर कलां के मेडिकल कॉलेज में भेजा गया था। बुधवार को बच्चे का पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद बिसरा जांच के लिए लैब में भेजा गया। बिसरे की जांच के बाद लैब में ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट आएगी। यह रिपोर्ट भी डॉक्टरों की जांच में शामिल होगी।
बॉक्स
ये था मामला :
महादेव कॉलोनी निवासी नरेंद्र कुमार की पत्नी सुमन के पास चार अक्तूबर को बेटे शबी ने जन्म लिया था। दो दिन से उसे बुखार आ रहा था। सोमवार सुबह बुखार ज्यादा होने पर वे उसे सिविल अस्पताल यमुनानगर लेकर आए। डॉक्टर की जांच में उसे 103 डिग्री बुखार आया। सुबह 11 बजे उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बच्चे की मां सुमन के अनुसार उसके बच्चे को चाइल्ड केयर नर्सरी में रखा गया था। रात साढ़े दस बजे एक स्टाफ सदस्या बच्चे को बाहर लेकर आई। उसका बच्चा रो रहा था। सुमन का आरोप था कि नर्स ने उन्हें बच्चा थमाते हुए कहा कि आपका बच्चा रो रहा है, न ये सो रहा है और न ही हमें सोने दे रहा। बच्चे को उन्हें देकर नर्स अंदर चली गई और दरवाजा बंद कर दिया। उसने बच्चे को सीने से लगाया तो बुखार में उसका बेटा तड़प रहा था। उसने स्टाफ के सामने हाथ जोड़कर बच्चे को उपचार देने की गुहार लगाई। लेकिन किसी ने उसकी नहीं सुनी। इसके बाद वह रातभर बरामदे में बच्चे को लेकर फर्श पर लेटी रही। सुबह साढ़े छह बजे उसके बच्चे ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि बच्चे की मौत होने के बाद नर्स आई और बच्चे को अंदर ले गई। उसकी मौत के बाद परिजनों ने सीएमओ ऑफिस के बाहर हंगामा किया था। सीएमओ डॉ. कुलदीप ने उन्हें डॉक्टरों के पैनल की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया था।
वर्जन
बच्चे की मौत के मामले में 11 जनवरी को पांच डॉक्टरों का पैनल बैठेगा। जो मामले की हर एंगल से जांच करेगा। जांच के बाद सीसीटीवी फुटेज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आदि को शामिल किया जाएगा। यदि किसी भी डॉक्टर या स्टाफ की लापरवाही सामने आई तो जो कार्रवाई बनती है की जाएगी।
-डा. विजय दहिया, मेडिकल सुपरिटेंडेंट एवं कार्यकारी सीएमओ।
- मृतक बच्चे के शव का खानपुर कलां पीजीआईएमएस में पोस्टमार्टम कराया गया। बिसरा लैब में जांच के लिए रखा गया गया। रिपोर्ट आने पर डॉक्टरों के पैनल को दी जाएगी। जो इसे अपनी जांच रिपोर्ट में शामिल करेंगी। डॉक्टरों के पैनल की रिपोर्ट आने पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
-नरेंद्र राणा, एसएचओ, थाना सिटी यमुनानगर।