चौथे दिन भी पुलिस की तीन टीमें नहीं लगा पाई चायपत्ती व्यवसायी के घर लूटपाट करने वाले बदमाशों का सुराग यमुनानगर। शहर की शास्त्री कॉलोनी में चायपत्ती व्यवसायी अंशुल गर्ग के बेटे को गन प्वाइंट पर लेकर पत्नी से लाखों के गहने लूटने वाले बदमाशों का पुलिस चौथे दिन भी कोई सुराग नहीं लगा पाई। लूट के मामले में पुलिस की सीआईए, डिटेक्टिव व शहर थाना की टीमें जांच में लगी है। पुलिस एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कर रही है। जो फुटेज पुलिस को मिली है, उसी के सहारे बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि शुक्रवार तक पुलिस के हाथ कोई खास सफलता नहीं लगी थी।
ये था मामला :
27 नवंबर की शाम करीब साढ़े चार बजे व्यापारी अंशुल गर्ग के घर में दो बदमाश घुस आए थे। अनिका गर्ग के अनुसार दो बदमाशों ने एक साल के बेटे अयांश को गन प्वाइंट पर लेकर लूट की। बदमाश अनीका से चेन, अंगूठियां व उनके बेटे के कंगन ले गए। इतने में अंशुल गर्ग घर पर आ गया था। इसके बाद बदमाश अंशुल को रिवाल्वर दिखाकर फरार हो गए। अंशुल के मुताबिक, वह पौने पांच बजे घर पर पहुंचे थे। जब उन्हें घर के मेन गेट की कुंडी लगी दिखी, तो शक हो गया था। जब उन्होंने डोर बेल बजाई, तो अंदर से एक युवक आया और रिवाल्वर दिखाते हुए डराने लगा। जिस पर अंशुल शोर मचाते हुए मार्केट की ओर भागा। जब तक लोग एकत्र होते, तो दो युवक उनके घर से निकले और रिवाल्वर दिखाते हुए वहां से भाग निकले। इस मामले में पुलिस ने दो अज्ञात पर लूट की एफआईआर दर्ज की हुई है।
वर्जन
एसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि इस मामले में पुलिस की तीन टीमें लगी हैं। शहर यमुनानगर पुलिस के साथ-साथ सीआईए टू और डिटेक्टिव की टीम जांच कर रही है। जल्द ही बदमाश पुलिस की गिरफ्त में होंगे।