छुट्टी के दिन विद्यार्थियों के घर- घर जाकर मांगे वोट, सोशल मीडिया पर तमाम तरह के कर रहे दावे
- व्हाट्सअप व फेसबुक पर ग्रुप बनाकर अपने साथ विद्यार्थियों को जोड़ रहे उम्मीदवार
- मीटिंग कर छात्र संगठनों ने बनाई चुनाव में जीतने की रणनीति
- आज होगा प्रचार प्रसार, पांच हजार रुपये तक का कर सकते है खर्च
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर।
छात्र संघ चुनाव नामांकन प्रक्रिया व नामांकन वापिस के बाद आज से सभी कॉलेज में दो दिन के लिए प्रचार-प्रसार शुरू हो जाएगा। इसी के साथ चुनाव मैदान मेें खड़े छात्र-छात्राओं ने छुट्टी के दिन को भी खाली नहीं जाने दिया और कंडिडेट व उनके समर्थकों ने विद्यार्थियों के घर-घर जाकर अपने पक्ष में वोट डालने की अपील की। साथ ही साथ व्हाट्सअप पर ग्रुप व फेसबुक पर छात्र संगठन अपने पैनल को जीताने के लिए तमाम तरह के दावे कर रहे है।
छात्र संघ चुनाव शनिवार को नामांकन प्रक्रिया के बाद मैदान में टिके सभी उम्मीदवारों के नाम फाइनल हो गए। उसके बाद सभी उम्मीदवार व उनके समर्थक प्रचार प्रसार के लिए जुट गए। छात्र संगठनों ने सोशल मीडिया पर ग्रुपों के माध्यम से तमाम तरह के दावे पेश किए जा रहे है और उम्मीदवारों को अपने पक्ष में वोट डालने के लिए अनुरोध किया जा रहा है। इसी के साथ उम्मीदवारों ने रविवार छुट्टी के दिन को भी बेकार नहीं जाने दिया और विद्यार्थियों के घरों जाकर उनसे 17 अक्तूबर को कॉलेज पहुंच वोट डालने की अपील की। वहीं, विभिन्न छात्र संगठनों ने बैठक कर चुनाव में अपने पैनल को जीताने की रणनीति तय की और सभी पदाधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारी सौंपी।
आज और कल कर सकते है उम्मीदवार प्रचार-प्रसार
छात्र संघ चुनाव के तहत 16 व 17 अक्तूबर दो दिन उम्मीदवार प्रचार प्रसार कर सकते है। सरकार द्वारा जारी गई गाइड लाइन के तहत प्रचार प्रसार में उम्मीदवार पांच हजार रुपये तक का ही खर्च कर सकते है और कॉलेज में प्रचार के लिए प्रिटिंग सामग्री का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। उम्मीदवार व उनके समर्थक हाथ द्वारा बनाई गए पोस्टर आदि ही कॉलेज में चस्पा कर सकते हैं। इसी के साथ पूरे चुनाव में सीआईडी सहित अन्य एजेंसियों की गतिविधि पर नजर बनाए हैं।
बॉक्स
गुरुनानक खालसा, एमएलएन कॉलेज में कड़ा मुकाबला
चुनाव में सबसे कड़ा मुकाबला गुरु नानक खालसा कॉलेज व मुकंदलाल कॉलेज के उम्मीदवारों में होगा। वहीं, डीएवी गल्र्स कॉलेज, जीएनजी कॉलेज व हिंदू कन्या में शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव होगा। गुरु नानक खालसा कॉलेज व एमएलएन कॉलेज में एबीवीपी व इनेसो सहित अन्य संगठन अत्यधिक सक्रिय है। जिस कारण पुलिस प्रशासन को भी अधिक मुस्तैदी दिखानी होगी।
छात्र संगठनों के नेताओं से बातचीत
सभी कॉलेज में एबीवीपी के पैनल चुनाव में उतारे गए है और सभी कॉलेज में एबीवीपी चुनाव जीतेंगी। सभी पदाधिकारियों को अलग-अलग कॉलेज की जिम्मेदारी सौंपी दी गई।
- विक्रम राणा, प्रांत कार्यकारिणी समिति सदस्य एबीवीपी
चार कॉलेजों में अम्बेडकर युवा मंच ने अपना पैनल चुनाव मैदान में उतारा है। मंच को छात्र-छात्राओं का समर्थन मिल रहा है और निश्चितरूप से उम्मीदवार को जीत मिलेगी।
- राजन नाहर, जिलाध्यक्ष अम्बेडकर युवा मंच
फोटो नंबर-32