मिडल स्कूल उन्हेडी के हैड टीचर को बच्चों को पढ़ाते हुए पड़ा दिल का दौरा, अस्पताल में तोड़ा दम
अमर उजाला ब्यूरो
रादौर। मिडल स्कूल उन्हेडी के हैड टीचर धनीराम कांबोज (50) का शुक्रवार को हृदयगति रुकने से निधन हो गया। हैड टीचर धनीराम कांबोज स्कूल में बच्चों को पढ़ा रहे थे, तभी अचानक उनकी तबीयत खराब हुई और उनके नाक से खून बहने लगा। जिसके बाद डॉक्टर को इलाज के लिए मौके पर बुलाया गया। डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें यमुनानगर रेफर किया। सिविल अस्पताल यमुनानगर में धनीराम कांबोज ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाते हुए शव को परिजनों के हवाले कर दिया। देर शाम गांव बहादुरपुर में मृतक धनीराम कांबोज का अंतिम संस्कार किया गया। उन्हेडी स्कूल के हैड टीचर धनीराम कांबोज लगभग पौने दो वर्ष पहले मिडल स्कूल उन्हेडी में तैनात किए गए थे। इससे पहले वह लगभग पांच वर्ष सरकारी स्कूल नाचरौन में कार्यरत रहे। मृतक अध्यापक दो बेटियों व एक बेटे का पिता था। अध्यापक के निधन से रादौर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। उनके निधन पर खंड शिक्षा अधिकारी धर्मेन्द्र चौधरी व प्रिंसिपल सुरेश कुमार जोजवान व राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के सदस्यों ने गहरा शोक प्रकट किया है।