फोटो नंबर 31, 32
कोलीवाला में माफिया ने खोद डाली पंचायती जमीन, दो के खिलाफ एफआईआर
इसी गांव में पहले भी पंचायती जमीन में अवैध खनन का मामला सामने आया था
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। खनन माफिया द्वारा कोलीवाला गांव की पंचायती जमीन में बदस्तूर खनन किया जा रहा है। कुछ दिन पहले लोगों की शिकायत पर खनन विभाग हरकत में आया था और अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई थी। इसके बावजूद गांव में खनन का काम चलता रहा। अब डीसी द्वारा गठित सरपंचों की कमेटी ने यहां पंचायती जमीन में अवैध खनन का मामला पकड़ा और खनन विभाग को शिकायत की। सरपंचों की शिकायत पर अधिकारी हरकत में आए और दो लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज करवाई।
पंचायती जमीन में अवैध खनन को रोकने लिए जिला उपायुक्त ने टास्क फोर्स बनाई हुई है। इसमें खंड विकास अधिकारी एवं सरपंच की जिम्मेदारी लगाई हुई है। खंड विकास कार्यालय खिजराबाद के पत्र क्रमांक 809 द्वारा ग्राम पंचायत भूडकलां का प्रस्ताव नंबर दो दिनांक 15 सितंबर को प्राप्त हुआ। इसमें कोलीवाला पंचायत की खसरा नंबर 24/10/11 में अवैध खनन होने की शिकायत की गई थी।
मौके पर मिले खुदाई के निशान
पुलिस को दी शिकायत में माइनिंग इंस्पेक्टर ओमदत्त शर्मा ने कहा कि अपनी टीम के साथ कोलीवाला की पंचायती जमीन का दौरा किया और वहां खनन के निशान पाए गए। यहां राजकुमार निवासी मांडेवाला और सतीश कुमार निवासी मांडेवाला के खिलाफ पंचायती जमीन में अवैध खनन कर खनन सामग्री करने का आरोप है। पंचायती जमीन में जेसीबी, ट्रैक्टर ट्राली, डंफर व अन्य वाहनों द्वारा अवैध खनन किया गया है। इस पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की।
खनन अधिकारी के साथ हो चुकी है हाथापाई
दो सप्ताह पहले कोलीवाला की पंचायती जमीन में अवैध खनन की सूचना से खनन विभाग भी हरकत में आया था और कोलीवाला पंचायती जमीन में हो रहे खनन में से मात्र एक ट्रैक्टर ट्राली को पकड़कर अपने कार्य की इतिश्री कर दी थी। सोशल मीडिया पर कोलीवाला में पंचायती जमीन में अवैध खनन की वीडियो पूरा दिन वायरल होती रही, लेकिन अधिकारियों को इसकी कोई जानकारी नहीं थी और सोशल मीडिया पर ही इस पर लोगों के कमेंट आते रहे। ग्रामीणों के बार-बार शिकायत करने के बाद पंचायत विभाग की ओर से तत्कालीन खंड विकास अधिकारी जोगेश कुमार ने सरपंच के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था और इस पर कार्रवाई होते ही सरपंच को डीसी ने सस्पेंड के आदेश दे दिए थे। हालांकि कुछ दिन बाद वही सरपंच दोबारा से बहाल कर दिया गया।
मोटी कमाई कर रहे माफिया
कोलीवाला में पंचायती जमीन में से खनन सामग्री भरके स्क्रीन प्लाट संचालक मोटी कमाई कर रहे हैं। क्योंकि पंचायती जमीन में से फ्री की खनन सामग्री लेकर स्क्रीन संचालक इसका फायदा उठा रहे हैं। खनन विभाग और पंचायत विभाग इस ओर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
पांच बजे तक ड्यूटी की बात कहते हैं अधिकारी
क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन को लेकर खनन विभाग के अधिकारी भी सक्रिय नहीं है और खनन विभाग के अधिकारी नौ से पांच बजे तक की अपनी ड्यूटी बताकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि खनन अधिकारियों तक भी मोटा हिस्सा पहुंचता है। इसके चलते वे कार्रवाई करने से बचते हैं। ऊपर से खनन विभाग के अधिकारियों ने बात करने की समय सीमा तय कर दी। चौबीस घंटे में से मात्र बारह घंटे ही खनन अधिकारी काल रिसीव करेंगे।
--------
अवैध खनन की शिकायत पर कोलीवाला गांव में जाकर निरीक्षण किया गया था। वहां जेसीबी और ट्रैक्टर ट्रॉली से खनन किए जाने के निशान पाए गए। दो लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज करवाई गई है।
-ओमदत्त शर्मा, माइनिंग इंस्पेक्टर