सट्टे का केस दर्ज कर दो युवकों को उल्टा लटकाकर दी थर्ड डिग्री
पीड़ित के पिता ने लगाए सीआईए पर आरोप, सीएम विंडो और एसपी को दी शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। फर्कपुर निवासी सुरेश कुमार ने सीआईए पुलिस पर उसके बेटे विरेंद्र मलिक और उसके दोस्त को खाना खाते समय ढाबे से जबरन उठाकर सट्टे का झूठा केस दर्ज करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि पुलिस ने रात को थाने में उन्हें उल्टा लटकाकर थर्ड डिग्री दी। पुलिस की इस कार्रवाई पर दर्जनों लोगों ने एसपी आफिस पहुंच रोष जताया। इसको लेकर सुरेश कुमार ने एसपी व सीएम विंडो में शिकायत देकर उचित कार्रवाई की मांग की। वहीं चेतावनी दी कि यदि मामले में उचित कार्रवाई न की गई तो शुक्रवार को लघु सचिवालय में प्रदर्शन करेंगे। उधर, सीआईए पुलिस ने इन आरोपों को झूठा करार दिया है।
सुरेश कुमार ने बताया कि उसका बेटा विरेंद्र अपने दोस्तों के साथ बर्थ डे पार्टी के बाद मदान के ढाबे पर शुगर मिल के पास खाना खा रहे थे। वहां पर सीआईए टू की टीम ने रेड की। ढाबे पर बैठे युवकों के साथ मारपीट की। आरोप है कि वहां से उसके बेटे वीरेंद्र और उसके दोस्त को उठा ले गए। उनके साथ सीआईए में उल्टा लटका कर मारपीट की। उसकी जेब से 19 हजार रुपये निकाल लिए। यह पैसा उसके बेटे ने बेटी की स्कूल फीस के लिए बैंक से निकलवाए थे। उसके बेटे पर झूठा केस दर्ज किया गया।
सट्टा लगाते हुए पुलिस ने पकड़ा था रंगे हाथ
सीआईए टू इंचार्ज श्रीभगवान ने बताया कि पुलिस पर जो आरोप लगाए जा रहे हैं वे गलत हैं। पुलिस ने वीरेंद्र को सट्टा लगाते हुए रंगे हाथ दबोचा है। इसका केस भी दर्ज किया हुआ है। पुलिस पर दबाव बनाने के लिए इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सीआईए टू की टीम को मुखबीर ने सूचना दी कि वीरेंद्र सट्टा खाईवाल कर रहा है। आने जाने वालों को आवाज लगाकर बुला रहा है कि मेरे पास आओ और किस्मत अजमाओ। एक नंबर से 100 नंबर पर सट्टा लगाओ। अगर लगा हुआ नंबर आया तो एक रुपये के बदले कमीशन काट 80 रुपये ले जाओ। इस सूचना पर पुलिस ने वहां पर रेड की। वीरेंद्र कुमार को रंगे हाथों दबोचा गया। उसके पास से 7200 रुपये व अन्य सामान मिला था।