ट्रकों की हड़ताल बेअसर, रोजमर्रा की वस्तुओं की सप्लाई जारी
यमुनानगर। ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट के आह्वान पर ट्रांसपोर्टर देशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल का जिले में कोई असर नहीं दिखाई दे रहा। हालांकि जिले के ट्रक आपरेटर हरियाणा से बाहर की बुकिंग नहीं ले रहे, क्योंकि महाराष्ट्र समेत कई जगहों पर हालात खराब हैं। वहीं दूसरे राज्यों में हड़ताल का व्यापक असर होने से ट्रकों के पहिये थम गए हैं और माल की सप्लाई कम हो गई है। हालांकि अभी उपभोक्ताओं को रोजमर्रा इस्तेमाल होने वाली वस्तुओं की आपूर्ति सामान्य ढंग से होती रही। दूध, दही, ब्रेड, अंडे, फलों व सब्जियों की आमद सामान्य रही। दाम में भी किसी प्रकार का उतार-चढ़ाव नहीं आया। आशंका थी कि ट्रकों के पहिये थमने से रोजमर्रा उपयोग होने वाली खाद्य वस्तुओं के मूल्य बढ़ सकते हैं, लेकिन सब्जी मंडी व शहर में कहीं भी हड़ताल का असर देखने को नहीं मिला। सब्जी मंडी में लगभग दस ट्रकों से फल व सब्जियां पहुंची और सामान्य कारोबार हुआ। व्यापारियों के अनुसार आढ़तियों के पास माल तो पड़ा है परंतु उसका खरीदार नहीं है।