सड़े चावलों की खील खाने से तीन गायों की मौत, तीन भैंसों को कुत्तों ने नोच कर किया घायल
-कलेसर रेंज के अंतर्गत आने वाली बीट ताजेवाला के जंगल की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
खिजराबाद। कलेसर रेंज के अंतर्गत आने वाली बीट ताजेवाला के जंगल में झाड़ियों में फेंकी गई खराब चावलों की खील खाने से जंगल में चरने आई तीन गायों की मौत हो गई। वहीं दूसरी ओर जंगल में चरने आई तीन भैंसों को कुत्तों ने नोंच दिया। पशु मालिक ने कुत्तों से भैंसों की पीछा छुड़वाया। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। कुत्तों ने भैंसों के थनों व गले पर काट कर जख्म कर दिए। इस दौरान चरवाहों ने सड़े हुई खील को नहर में फेंक दिया और कुछ को आग लगा दी।
फैजपुर निवासी आलमदीन का कहना है कि वह हर रोज वह अपने पशुओं को चराने के लिए जंगल व यमुनानदी की ओर ले जाता है। रविवार को भी वह पशुुओं को लेकर यमुना नदी की ओर गया था। लेकिन दोपहर के समय कुछ आवारा किस्म के कुत्तों ने उसकी भैंसों पर हमला कर दिया। भैंसों की आवाज सुनकर वह वहां पहुंचा तो देखा कि कुत्तों ने उसकी भैंसों की गर्दन को मुंह में डाला हुआ है। जिससे वह जख्मी हो गई।
जहरीला पदार्थ खाने से तीन गाय की मौत
ताजेवाला निवासी मुस्सु जोकि घुमंतू जाति से संबंध रखता है और पिछले कई सालों से पशुओं को चराने और उनका दूध बेचने का काम करता है। मुस्सु ने बताया कि उसका बेटा बशीर अपने पशुुओं को रोज की तरह चराने ले गया। उसकी गाय अचानक रास्ते में गिर गई। थोड़ी देर बाद ही दो गायें और घर तक आते-आते गिर गई। निजी चिकित्सक ने उनको दवा दी लेकिन अगले दिन तीनों गायों की मौत हो गई। बशीर ने बताया कि गायों ने जंगल में पडे़े सड़ी हुई खील खाई थी जिसकी वजह से उसकी गाय बीमार हो गई और बाद में उनकी मौत हो गई। बशीर ने बताया कि वे सड़ी हुई खील किसी और के पशु को नुकसान न पहुंचाए इसलिए उन्होंने अन्य चरवाहों के साथ मिलकर नहर में गिरा दिया और कुछ को वहीं आग लगा दी। वन्य प्राणी विभाग के निरीक्षक सुल्तान बैरागी का कहना है कि उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं है। यदि ऐसा है तो वे चेक करेंगे।
फोटो-17 से 19 तक