बाल भवन परिसर में किडस फन पार्क व बाल कुंज में स्केटिंग रिंग व कामन मैस का उद्घाटन
बाल भवन में चलाई जा रही गतिविधियों को राज्य बाल कल्याण परिषद के मानद महासचिव ने किया निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। राज्य बाल कल्याण परिषद हरियाणा के मानद महासचिव कृष्ण ढुल ने बाल भवन में पंहुच कर यहां बच्चों के कल्याण के लिए चलाई जा रही गतिविधियों का निरीक्षण किया। मौके पर डीसी एवं जिला बाल कल्याण परिषद के प्रधान गिरीश अरोड़ा के साथ उन्होंने बाल भवन के प्रागण में पौधा रोपण किया। कृष्ण ढुल ने बताया कि यह दौरा नियमित निरीक्षण कार्यक्रम के तहत किया गया है और बाल भवन में नए प्रोजेक्ट लाने के लिए समाज के लोगों को आगे आना होगा।
उन्होंने कहा कि बाल भवन में जो पहले एक्टिविटी चलती थी वो अब बंद हो गई है, उन्हें लोगों के सहयोग व सरकार से अनुदान लेकर जल्दी ही फिर शुरू करवाया जाएगा। यमुनानगर बाल भवन में जिला बाल कल्याण परिषद द्वारा कराटे प्रशिक्षण केन्द्र चलाया जा रहा है। जिसमें जिला के बच्चों विशेषकर लड़कियों को जूडो कराटे का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कामकाजी महिलाओ के बच्चों के लिए शिशु पालना गृह चलाया जा रहा है। बाल भवन द्वारा डे-केयर सैंटर, आत्म रक्षा कौशल विकास कक्षा व बेबी केयर केन्द्र भी चलाए जा रहे है। इसके उपरांत राज्य बाल कल्याण परिषद हरियाणा के मानद महा सचिव कृष्ण ढुल व डीसी गिरीश अरोड़ा ने बाल भवन परिसर में किडस फन पार्क का उद्घाटन भी किया। साथ ही छछरौली बाल कुंज में पहुंच कर यहां निर्मित स्केटिंग रिंग व कामन मैस का उद्घाटन भी किया और बालकुज का निरीक्षण किया। राज्य बाल कल्याण परिषद हरियाणा के मानद महासचिव कृष्ण ढुल ने जिला सचिवालय के सभा कक्ष में प्राइवेट शिक्षण संस्थाओं की एसोसिएशनों, अन्य एसोसिएशनों व समाज सेवी संस्थाओं से बातचीत की और अपील की है कि वे बाल भवन द्वारा संचालित केन्द्रों में रह रहे एवं शिक्षा ग्रहण कर रहे बच्चों की भलाई के लिए आगे आकर तन,मन और धन से हर प्रकार सहायता करें। इस मौके पर बोलते हुए उपायुक्त एवं जिला बाल कल्याण परिषद के प्रधान गिरीश अरोड़ा ने भी उपस्थित प्राइवेट शिक्षण संस्थाओं की एसोसिऐशनों, अन्य ऐसोसिएशनों व समाज सेवी संस्थाओं से अनुरोध किया कि वे सभी स्कूलों से निर्धारित धन राशि एकत्रित करके बाल कल्याण परिषद के कोष में जमा करवाए ताकि बाल भवन में रह रहे एवं शिक्षा ग्रहण कर रहे गरीब परिवार के बच्चों के लिए गतिविधियों को ठीक ढंग से चलाया जा सके। उन्होंने कहा कि दान करने की बात मन की है। उन्होंने कहा कि लोगों और समाज सेवी संस्थाओं द्वारा बाल कल्याण के लिए दान की जाने वाली राशि व्यर्थ नही जाएगी। उन्होंने कहा कि हम सभी में विशेष बच्चों के लिए दान करने का जज्बा होना चाहिए। उन्होंने यह आश्वासन दिलाया कि बाल भवन की गतिविधियों को सुचारू रूप से चलाने के लिए पंचायतो का भी सहयोग लिया जाएगा। इस मौके पर अंकुर महेश्वरी ने बाल भवन के कोष में 11 हजार रूपये की राशि देने की घोषणा की। मौके पर एडीसी केके भादू, प्रदेश व्यापार मण्डल के सदस्य राम निवास गर्ग,जिला शिक्षा अधिकारी आनन्द चौधरी, बाल कल्याण समिति की अध्यक्षा सतपाल कौर, जिला बाल कल्याण अधिकारी मनीषा खन्ना, लेखाकार अवतार सैनी, जिला बाल कल्याण परिषद की आजीवन सदस्या डॉ. मीनाक्षी अययर, अवतार चुघ सहित अन्य अधिकारी प्राईवेट स्कूल ऐसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य तथा स्वंय सेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
फोटो : 35 व 36