पाक रेसलर को शैंकी ने चटाई धूल
जालंधर में हुए मुकाबले में रेसलर फारूका खान को हराकर सी डब्ल्यू ई बेल्ट पर जमाया कब्जा
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। डब्ल्यू डब्ल्यू ई में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले यमुनानगर के रेसलर गुरुविंदर सिंह शैंकी ने पाकिस्तान के फारूका खान रेसलर को धूल चटा कर सी डब्ल्यू ई बेल्ट पर अपना कब्जा जमा लिया है। जालंधर में आयोजित इस प्रतियोगिता में जीतने के बाद अब वह हिमाचल के मंडी में 29 जून को अमेरिका के रेसलर क्रिसन्न से भिडे़गा। मंगलवार को घर पहुंचने पर उसका परिजनों ने जोरदार स्वागत किया। शैंकी की मां नरेंद्र कौर, पिता नरेंद्र सिंह ने खुशी जताई।
सात फीट लंबे शैंकी ने बताया कि वह द ग्रेट खली का अपना गुरु मानता है और उनके नेतृत्व में इन दिनों बडे़ बडे़ रेसलरों को धूल चटा रहा है। उसने अमेरिका के भी कई रेसलरों को पटखनी तो दी है, लेकिन उसे इस बात की सबसे ज्यादा खुशी है कि उसने पाक के इस खिलाड़ी को भी पटक दिया। क्योंकि पाक खिलाड़ी तीन माह से सी डब्ल्यू ई बेल्ट पर कब्जा किए हुए था। शैंकी के अनुसार पाकिस्तान के फारूका खान ने खुले में सी डब्ल्यू ई बेल्ट को लेकर चैलेंज किया था। उसने इस चैलेंज को स्वीकार किया था।
शैंकी के इस रिकार्ड के बाद उसके परिवार के साथ-साथ पूरे इलाके में खुशी की लहर है। उसने बताया कि 29 जून के मुकाबले को लेकर गुरु ग्रेट खली उसे टिप्स दे रहे हैं। शैंकी एक गरीब परिवार से संबंध रखता है और एक कंपनी में अकाउंट का काम करता था, लेकिन खली ने शैंकी को सहारा देने के बाद उसे इस मुकाम तब पहुंचा दिया है।
फोटो नंबर 33