किसानों को लक्कड़ मंडी एसोसिएशन का समर्थन, दस जून तक रखेंगे मंडी बंद
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। राष्ट्रीय किसान महासंघ के आह्वान पर चल रही किसानों की हड़ताल के दूसरे दिन जगाधरी व यमुनानगर लक्कड़ मंडी आढ़ती एसोसिएशन ने समर्थन दिया। किसानों ने यमुनानगर आए महासंघ के सदस्य एवं भाकियू के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढू़नी की अगुवाई में समर्थन देते हुए दस दिन लक्कड़ मंडी बंद रखने की बात कहीं। सफेदा-पॉपलर आढ़ती एसोसिएशन यमुनानगर के चेयरमैन संदीप राणा व प्रधान अशोक गुर्जर ने कहा कि वे किसानों के साथ है। किसानों पर जो भी आफत आएगी वे उनका साथ देंगे। किसानों के समर्थन में वे दस जून तक लक्कड़ मंडी बंद रखेंगे। इस दौरान यदि कोई मंडी में लकड़ी लेकर आता है तो वे उसे हाथ जोड़कर रोकेंगे। इस संबंध में यूपी में भी संपर्क किया जा रहा है कि वे किसानों की हड़ताल के दौरान मंडी में लकड़ी लेकर न आए।
किसान नेता गुरनाम सिंह चढू़नी ने माना कि पहले दिन हड़ताल का असर कम हुआ। लेकिन दो दिन बाद इसका असर देखने को मिलेगा। सब्जी की सप्लाई बहुत कम हो गई है। जिसका प्रभाव यह हुआ कि जो टमाटर की कीमत रादौर में पहले 50 रुपये प्रति करेट बिक रही थी, आज दिल्ली मंडी से व्यापारी उसे 250 रुपये प्रति करेट खरीदने को तैयार है। लेकिन किसान दस दिन तक हड़ताल रखकर सरकार से उनकी सब्जी व दूध का रेट तय करने की मांग कर रहे हैं। हड़ताल में महासंघ के 172 संगठन शामिल है। देशभर में किसान हड़ताल पर है। मौके पर भाकियू के प्रदेश सचिव हरपाल सिंह, जला प्रधान संजू गुंदयाना, संदीप, कृष्ण पाल आदि मौजूद रहे।
खेत के सामने सड़क किनारे स्टॉल लगाकर सब्जी बेच सकते है छोटे किसान :
चढूनी ने कहा कि हम दूध व सब्जी उत्पादक किसानों के साथ है। उनके लिए ही हड़ताल पर है। जब सब्जी व दूध का रेट तय होगा तो किसानों को अपना पूरा हक मिलेगा। उन्होंने कहा कि छोटे किसान अपने खेत के बाहर सड़क किनारे स्टॉल लगाकर अपनी सब्जी बेच सकते है। लेकिन शहर या मंडी में सब्जी लेकर न जाए।
फोटो : 21