डीसी ने यमुना के बांधों का किया निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर
डीसी गिरीश अरोड़ा ने शनिवार को यमुना नदी के किनारे बसे गांव कलानौर, कमालपुर टापू, लापरा, ओदरी, साबापुर, बीबीपुर, भोगपुर, कनालसी, मुजाफत कलां, टिब्बी अराईया, दौलतपुर, शहजादवाला, बनियांवाला, चिक्कन, डारपुर खोल के किनारे लगाए जा रहे पत्थरों के बांध व स्टोन स्टडों के निर्माण कार्यो का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पत्थरों के बांधों व स्टोन स्टडों के निर्माण का कार्य हर हालत में निर्धारित अवधि तक अवश्य पूर्ण होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यमुना नदी के किनारे बसे गांवों की कृषि योग्य भूमि को जल कटाव से बचाने व आबादी को संभावित बाढ़ के खतरों से बचाने के लिए पत्थरों के बांध व स्टोन स्टडों के निर्माण का कार्य शीघ्र पूर्ण करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नदियों के किनारे पत्थरों के बांधों व स्टोन स्टडों के निर्माण का कार्य धीमा है। उन्होंने सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता को निर्देश दिए कि पत्थरों के बांधों व स्टोन स्टडों के निर्माण के लिए पत्थर व अन्य आवश्यक सामग्री नहीं आई है। शीघ्र उचित स्थानों पर पहुंचाने का कार्य करें ताकि निर्धारित अवधि 15 जून तक नदियों के किनारे पत्थरों के बांध व स्टोन स्टडों का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा सके। इस मौके पर बिलासपुर के एसडीएम नवीन आहूजा, जिला राजस्व अधिकारी हरिओम बिश्रोई, जगाधरी के तहसीलदार दर्शन कुमार, नायब तहसीलदार कृष्ण कुमार सहित अन्य राजस्व अधिकारी, खण्ड विकास एवं पंचायत अधिकारी जोगेश कुमार व अन्य पंचायत अधिकारी, सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता एसडी शर्मा, कार्यकारी अभियंता हरिदेव कांबोज व विनोद कुमार, उपमंडल अधिकारी जसविन्द्र हुड्डा, जेई सतपाल सिंह व सिंचाई विभाग के अन्य अधिकारी, खिजराबाद के भाजपा मण्डल अध्यक्ष कैलाश चन्द्र, महामन्त्री बलविन्द्र और लापरा के सरपंच अजीज खान उपस्थित रहे।
फोटो नंबर 9, 10