विधायक ने पीएचसी का किया उद्घाटन
यमुनानगर। विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने बुधवार को कैम्प स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र यानी अर्बन पीएचसी का उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि शहर में इस पीएचसी को खोलने का उद्देश्य सरकार द्वारा आम जन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं घर के आस-पास ही उपलब्ध करवाना तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है।
सिविल सर्जन डॉ. कुलदीप सिंह के दिशा निर्देशानुसार कैम्प में स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में एक चिकित्सा अधिकारी, एलटी, औषधिकारक, स्टाफ नर्स व महिला स्वास्थ्यकर्ता की टीम को लगाया गया है, जो कि मरीजों की हर बीमारी की जांच, टेस्ट व टीकाकरण करेंगे। इस मौके पर एक प्रदर्शनी भी लगाई गई। जिसके माध्यम से परिवार कल्याण, टीकाकरण, एड्स, टीबी, मुफ्त एंबुलेंस 108, मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया तथा जापानी बुखार के विषय पर जानकारी दी गई। इस मौके पर उप सिविल सर्जन डॉ. वीके जैन, डॉ. विजय परमार, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. मधु, मास मीडिया आफिसर सुदेश काम्बोज, डॉ. गीतू, विजय और प्रीति बक्शी द्वारा स्वास्थ्य कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी गई।