हड़ताली कर्मचारियों के समर्थन में सचिवालय में गरजे एसकेएस वर्कर्स, डीसी की गाड़ी का किया घेराव
- अनाज मंडी गेट से नेशनल हाईवे पर रोष मार्च करते हुए पहुंचे सचिवालय
- एसडीएम बीबी कौशिक को सौंपा पीएम व सीएम के नाम ज्ञापन
14 दिन से हड़ताल पर है नगर निगम कर्मी, कांग्रेसी नेताओं ने दिया समर्थन
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। 14 दिन से हड़ताल पर बैठे नगर निगम कर्मचारियों के समर्थन में मंगलवार को सर्व कर्मचारी संघ व सीटू से जुड़े विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने जिला सचिवालय में प्रदर्शन किया। डीसी के न मिलने पर प्रदर्शनकारियों ने सचिवालय में खड़ी डीसी की गाड़ी का घेराव कर दिया। इसके बाद सरकार विरोधी जमकर नारेबाजी कर पीएम मोदी व सीएम मनोहर लाल खट्टर के खिलाफ भड़ास निकाली। डीसी मीटिंग में होने के कारण एसडीएम बीबी कौशिक कर्मचारियों का ज्ञापन लेने पहुंचे। उन्होंने उन्हें ज्ञापन देकर जल्द से जल्द हड़ताली कर्मचारियों की मांगे पूरी करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगे पूरी नहीं की तो कर्मचारी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उधर, नगर निगम कार्यालय के समक्ष हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों को कांग्रेसी नेताओं ने समर्थन दिया।
पहले एनएच पर निकाला रोष मार्च
सर्व कर्मचारी संघ के बैनर तले संघ व सीटू से जुड़े रोडवेज, बिजली, आशा वर्कर्स व हड़ताली कर्मचारी सैकड़ों की संख्या में जगाधरी अनाज मंडी गेट पर इकट्ठा हुए। कर्मचारियों ने संघ प्रधान महीपाल साढे, सचिव राजपाल सांगवान व सीटू नेता विनोद त्यागी व सोमनाथ के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। यहां से नारेबाजी करते हुए प्रदर्शनकारी चंडीगढ़ रुड़की नेशनल हाईवे 73 से होते हुए जिला सचिवालय पहुंचे। हालांकि जिला सचिवालय में प्रदर्शन करने पर प्रतिबंध लगाया गया है, बावजूद इसके प्रदर्शनकारियों ने यहां जमकर नारेबाजी करते हुए सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कर्मचारियों को जब पता चला कि डीसी मीटिंग में है तो उन्होंने सचिवालय में खड़ी डीसी की कार को घेर लिया और नारेबाजी करने लगे। बाद में डीसी के ड्राइवर ने कार को वहां से हटाया। अधिकारियों के ज्ञापन लेने न आने पर प्रदर्शनकारी वहीं नीचे बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। करीब 15 मिनट बाद एसडीएम बीबी कौशिक ज्ञापन लेने पहुंचे। कर्मचारी नेताओं ने उन्हें मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। मौके पर जरनैल सांगवान, रोशन लाल, सतीश, प्यारे लाल, महीपाल चमरोड़ी, सीताराम, राजकुमार, रामकुमार पूनम शर्मा, शालू, मेवाराम आदि मौजूद रहे।
हड़ताली कर्मचारियों के बीच धरने पर बैठे कांग्रेसी नेता :
हड़ताल पर चल रहे नगर निगम कर्मचारियों को लेकर सियासत और तेज हो गई है। सोमवार को जहां इनेलो के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह, ईश्वर पलाका सहित अन्य नेताओं ने समर्थन दिया था। वहीं मंगलवार को कांग्रेसी नेता सतपाल कोशिक ने अन्य नेताओं के साथ मिलकर हड़ताली कर्मचारियों के बीच धरने पर बैठ उन्हें समर्थन दिया।
ठेकेदार कर्मचारियों ने उठाया कूड़ा, फिर भी कई स्थानों पर लगे रहे गंदगी के ढेर :
मंगलवार सुबह ठेकेदार के कर्मचारियों ने रेलवे रोड, छोटी लाइन सहित कई स्थानों से गंदगी के ढेर उठाए। कूड़ा ढोने वाले वाहन में भी लोगों ने अपने घर में एकत्रित किया कूड़ा डाला। लेकिन फिर भी जगाधरी वर्कशॉप रोड, बाईपास पुल के पास, भगत सिंह पार्क के पास, वृद्धा आश्रम जगाधरी के समीप, कैंप, पुराना हमीदा, औद्योगिक क्षेत्र, मॉडल टाउन, आजाद नगर के अलावा शहर में अन्य जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं।
जारी रहेगी हड़ताल :
नगर पालिका कर्मचारी संघ के सचिव प्रवेश परोचा का कहना है कि सरकार ने कर्मचारियों के साथ वादाखिलाफी की है। सत्ता में आने से पहले कच्चे कर्मचारियों को पक्का किए जाने व ठेकेदारी प्रथा को बंद करने का वादा किया था, लेकिन सरकार इस वादे पर खरा नहीं उतरी। आगामी चुनावों में सरकार को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। कर्मचारियों को अन्य संगठनों व राजनीतिक पार्टियों का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं हो जाती तब तक उनका धरना जारी रहेगा।
फोटो : 25, 26 व 28