अवैध कब्जों को हटाने के लिए प्रशासन की सांकेतिक कार्रवाई
यमुनानगर
साढौरा।
कस्बे के बाजार को अवैध कब्जों से मुक्त करवाने के लिए प्रशासन ने सांकेतिक कार्रवाई की। इस कार्रवाई के प्रति कस्बे के दुकानदारों में मिलीजुली प्रतिक्रिया देखी गई। बीडीपीओ जोगेश कुमार व एसएचओ ओमप्रकाश राणा के नेतृत्व में दोपहर बाद अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। सरपंच प्रतिनिधि मंगतराम सैनी के निर्देशों पर पंचायत के सफाई कर्मचारियों ने अवैध कब्जे हटाए। इस दौरान प्रशासन को दुकानदारों के विरोध का भी सामना करना पड़ा। कुछ दुकानदारों का कहना था कि बाजार में कुछ प्रभावशाली लोगों ने स्थाई अतिक्रमण किया हुआ है लेकिन प्रशासन उनकी तरफ आंख मुंदे हुआ है। इसी तरह रेस्ट हाऊस के सामने दुकानदारों ने सड़क की सारी खाली जमीन पर कब्जा कर रखा है लेकिन प्रशासन ने उनके विरुद्ध कोई भी कार्रवाई करने की बजाए रेहड़ी-फड़ी मालिकों को अपना निशाना बनाया। बीडीपीओ जोगेश कुमार ने बताया कि स्थाई अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दे दी गई है। एक सप्ताह तक अतिक्रमण न हटाया गया तो जेसीबी की सहायता से स्थाई या अस्थाई अतिक्रमण हटा दिए जाएंगे।
फोटो नंबर 31