यमुनानगर में विधायक व जगाधरी में स्पीकर के न मिलने पर भड़के कर्मचारियों ने दोनों जगह घेराव कर किया प्रदर्शन
आठवें दिन भी जारी रही अग्रिशमन व सफाई कर्मचारियों की हड़ताल, दोनों शहरों में निकाला जुलूस
विधायक कार्यालय व स्पीकर आवास पहुंचे, पर विधायक व स्पीकर के न मिलने पर फूटा गुस्सा
दोनों जगह हंगामा कर सीनियर डिप्टी मेयर और तहसीलदार को सौंपे सीएम खट्टर के नाम ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर।
सात दिनों में भाजपा से किसी जनप्रतिनिधि द्वारा सुध न लेने पर भड़के हड़ताली अग्रिशमन व सफाई कर्मियों ने आठवें दिन यमुनानगर व जगाधरी में जुलूस निकाला। प्रदर्शन करते हुए कर्मचारी यमुनानगर में विधायक कार्यालय व जगाधरी में विधानसभा स्पीकर कंवरपाल आवास पर पहुंचे। दोनों जगह विधायक व स्पीकर के न मिलने पर भड़के कर्मचारियों ने घेराव करते हुए प्रदर्शन किया। बाद में यमुनानगर विधायक कार्यालय के बाहर सीनियर डिप्टी मेयर पवन बिट्टू व जगाधरी स्पीकर आवास पर तहसीलदार दशन सिंह को कर्मचारियों ने सीएम खट्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।
बुधवार सुबह नौ बजे अग्रिश्मन सेवा एवं नगर पालिका कर्मचारी संघ से संबंधित सर्व कर्मचारी संघ के बैनर तले नगर निगम के हड़ताली सफाई कर्मचारी और दमकल विभाग के कर्मी नगर निगम यमुनानगर व जगाधरी कार्यालय पर एकत्रित हुए। बीते सात दिनों की तरह कर्मचारियों ने आठवें दिन भी कामकाज छोड़ हड़ताल जारी रख धरना-प्रदर्शन किया। वहीं, लगातार सात दिनों में भाजपा से किसी भी जनप्रतिनिधि द्वारा धरना स्थल पर पहुंचकर सुध न लेने के रोष स्वरूप सभी कर्मचारियों ने यमुनानगर और जगाधरी में जुलूस निकाला। यमुनानगर में नगर पालिका कर्मचारी संघ के वरिष्ठ उपप्रधान राजकुमार के नेतृत्व में नगर निगम कार्यालय से रेलवे रोड होकर सभी कर्मी प्यारा चौक के रास्ते मॉडल टाउन स्थित यमुनानगर विधायक कार्यालय पर पहुंचे। विधायक घनश्यामदास अरोड़ा के न मिलने पर गुस्साए कर्मचारियों ने कार्यालय का घेराव कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। मौके पर पहुंचे सीनियर डिप्टी मेयर पवन बिट्टू ने कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया, किंतु कर्मचारी पहले विधायक को बुलाने व उन्हें ही ज्ञापन देने की मांग पर अड़ गए। आधे घंटेभर बाद संघ के पदाधिकारियों ने सीनियर डिप्टी मेयर पवन बिट्टू को सीएम खट्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। इसके माध्यम से सरकार को चेताया गया कि अगर उनकी मांगों को तुरंत पूरा नहीं किया तो आंदोलन और उग्र होगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी। यहां मंच का संचालन नगर पालिका कर्मचारी संघ के सचिव प्रवेश परोचा ने किया।
बॉक्स
स्पीकर आवास से पहले पुलिस ने रोका, भड़के कर्मी पहले स्पीकर को बुलाने पर अड़े फिर तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन: जगाधरी में नगर निगम कार्यालय से धरनास्थल से उठकर हड़ताली कर्मचारी जगाधरी जोन प्रधान विक्की पारचा के नेतृत्व में जगाधरी के विभिन्न मार्गों से होते हुए विधानसभा स्पीकर कंवरपाल आवास पहुंचने लगे, तभी उन्हें कुछ दूरी पर पुलिस ने बेरिकेट लगाकर रोक लिया। मौके पर पुलिस बल सहित तहसीलदार दर्शन सिंह ने कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया, किंतु कर्मचारी स्पीकर कंवरपाल को बुलाने व उन्हें ही ज्ञापन देने की मांग पर अड़ गए और नारेबाजी शुरू कर दी। करीब 20 मिनट प्रदर्शन के बाद संघ के पदाधिकारियों ने तहसीलदार दर्शन सिंह को सीएम खट्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। इसके माध्यम से चेतावनी दी गई कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं की गई तो हड़ताल को अनिश्चितकालीन कर दिया जाएगा। मौके पर कर्मचारी नेता महीपाल सोढे, मांगेराम तिगरा, राजकुमार धारीवाल, संजय कुमार, रमन, राजविंद्र सिंह, प्रेमचंद साढौरा, राजन, सोनू, संजीव, मुकेश, रविचंद, पवन आदि मौजूद रहे।
ये हैं हड़ताल पर
यमुनानगर जगाधरी में नगर निगम से जुड़े कच्चे पक्के 665 में से 370 सफाई कर्मी और दमकल विभाग के 95 कर्मचारी हड़ताल पर चल रहे हैं।
हड़ताल का ये असर
रोज 150 टन उगल रहे दोनों शहरों से प्रतिदिन सौ टन कचरे का भी उठान नहीं हो रहा है, जो शहर के पॉश एरिया से लेकर कॉलोनियों में सड़कों किनारे व कूड़ेदानों में सड़ रहा है। इसी तरह दमकल विभाग की सेवाएं भी बाधित हो रही हैं।
ये हैं मुख्य मांगे
सफाई कर्मचारी, सीवरेज, वाटर सप्लाई, माली, फायर विभाग सहित जो कर्मचारी ठेका प्रथा पर काम कर रहे हैं, ठेका प्रथा को बंद कर उन्हें विभाग के रोल पर रखा जाए।
सभी प्रकार के कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए व समान काम समान वेतन लागू किया जाए।
न्यू पेंशन स्कीम समाप्त कर पुरानी पेंशन स्कीम लागू की जाए। एक्सग्रेशिया अनुग्रह पूर्वक रोजगार योजना को बहाल किया जाए।
फायर विभाग में आउटसोर्सिंग ठेका प्रथा में कार्यरत कर्मचारियों को नियम 2016 के अनुसार फायर ऑपरेटर के पदों को समायोजित किया जाए।
फोटो-7, 8, 9, 10, 14, 15, 16