बिलासपुर मेें गिरे 250 ग्राम वजन के ओले
-बिलासपुर्र साढौरा, खिजराबाद व छछरौली मेें हुई ओलावृष्टि-
बिलासपुर/खिजराबाद/साढौरा। जिले के ग्रामीण इलाकों में देर शाम ओलावृष्टि व हल्की बारिश हुई। इस दौरान बिलासपुर में करीब 150 से 250 ग्राम के ओले पड़े। खंड बिलासपुर के मलिकपुर बांगर, मोहड़ी, मिल्कखास, कपालमोचन, चौराही, अहडवाला सहित एक दर्जन गांवों में ओलावृष्टि हुई। इन गांवों में अधिकतर खेतों में गेहूं की फसल कट चुकी है। कुछ एकड़ में ही गेहूं की फसल खड़ी है। मलिकपुर व मोहड़ी में ओलों का आकार बड़ा होने के कारण सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों को इधर-उधर छिपना पड़ा। गांव मोहड़ी के गुरदयाल सिंह, बलवान, कर्ण सिंह ने बताया उन्होंने अपने जीवन में इतने बड़े आकार के ओले पहली बार देखे। ओले टीन की चादरों पर ऐसे गिर रहे थे जैसे कोई पत्थरबाजी कर रहा हो। ओलों से बाहर बंधे पशु भी चोटिल हो गए। गांव मलिकपुर के नंबरदार राहुल राणा व सरपंच राजकुमार ने बताया कि ओलेे करीब चार इंच मोटाई के थे और इनका वजन 150 से 250 ग्राम वजन था। उधर, खिजराबाद, साढौरा व छछरौली मेें करीब पांच मिनट तक ओलावृष्टि हुई।